Two people died as a Creta car was swept away by a strong river in Dehradun; a young woman was rescued by the SDRF.

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात बारिश के तेज बहाव के कारण बड़ा हादसा हो गया। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के लोअर कंडोली स्थित पौंधा रोड पर कंडोली पुल के पास राजस्थान नंबर की एक क्रेटा कार नदी के तेज बहाव में बह गई। हादसे में कार सवार एक युवक और एक युवती की मौत हो गई, जबकि दूसरी युवती को एसडीआरएफ की टीम ने घायल अवस्था में सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

एसडीआरएफ कमांडेंट अर्पण यदुवंशी के मुताबिक, आधी रात के बाद प्रेमनगर थाना पुलिस से कंडोली पुल के पास क्रेटा कार के तेज बरसाती बहाव में बहने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही डाकपत्थर से अपर उप निरीक्षक सुरेश तोमर के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई और मौके पर पहुंचकर सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

GNSU Admission Open 2026

दो किलोमीटर दूर मिली घायल युवती

अधिकारियों के अनुसार कार में एक युवक और दो युवतियां सवार थीं। रात के अंधेरे और तेज बहाव के बीच एसडीआरएफ जवानों ने लगातार सर्चिंग अभियान चलाया। इस दौरान घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर सहज पुत्री गुलशन बवेजा को घायल अवस्था में बरामद किया गया। टीम ने उसे सुरक्षित बाहर निकालकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

दो शव बरामद

सर्च ऑपरेशन के दौरान एसडीआरएफ टीम ने कार सवार अक्षय (20), पुत्र मुकेश, निवासी जयपुर, राजस्थान और एक अन्य युवती का शव भी बरामद किया। दोनों शवों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।

एसडीआरएफ ने बताया कि तेज बारिश और नदी के खतरनाक बहाव के बावजूद जवानों ने पूरी रात घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगातार सर्चिंग एवं रेस्क्यू अभियान चलाया। हादसे के बाद पुलिस और बचाव दल की कार्रवाई जारी रही।