1417 करोड़ की निवेश धोखाधड़ी में दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार
Two main accused arrested in ₹1,417 crore investment fraud.

चेन्नई। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने ‘यूनिक एक्सपोर्ट्स’ से जुड़े कथित 1,417.86 करोड़ रुपये के निवेश धोखाधड़ी और धनशोधन मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एजेंसी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एस. नवीन कुमार और एस. मुथुसेल्वन के रूप में हुई है। दोनों को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 की धारा 19 के तहत गिरफ्तार किया गया। अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

ईडी के चेन्नई क्षेत्रीय कार्यालय-2 ने यह कार्रवाई मामले में चल रही जांच के तहत की। एजेंसी के मुताबिक, आरोपियों और उनसे जुड़े लोगों के ठिकानों पर जून में पीएमएलए की धारा 17 के तहत तलाशी ली गई थी। इसके बाद मामले में आगे की जांच और पूछताछ के आधार पर दोनों की गिरफ्तारी हुई।

GNSU Admission Open 2026

ईडी ने तमिलनाडु पुलिस की इरोड जिला अपराध शाखा द्वारा दर्ज प्राथमिकी के आधार पर धनशोधन की जांच शुरू की थी। एजेंसी का आरोप है कि नवीन कुमार, मुथुसेल्वन और उनके सहयोगियों ने ‘यूनिक एक्सपोर्ट्स’, ‘ईस्ट वैली एग्रो फर्म्स’ और अन्य संबंधित कंपनियों के नाम पर विभिन्न निवेश योजनाएं संचालित कीं। इन योजनाओं में कृषि उत्पादों के निर्यात से अधिक मुनाफे का दावा कर निवेशकों से रकम जुटाने का आरोप है।

जांच के अनुसार, करीब 35,759 निवेशकों से कुल 1,417.86 करोड़ रुपये जुटाए गए। ईडी ने बताया कि लगभग 719 करोड़ रुपये यूनिक एक्सपोर्ट्स से जुड़ी कंपनियों के विभिन्न बैंक खातों में जमा किए गए। निवेशकों की रकम को परिवार के सदस्यों और करीबी सहयोगियों सहित अलग-अलग नामों से खोले गए 100 से अधिक बैंक खातों के जरिए स्थानांतरित किए जाने की बात भी जांच में सामने आई है।

एजेंसी के मुताबिक, बैंकिंग विश्लेषण में 390.90 करोड़ रुपये वेतन भुगतान के रूप में दर्ज किए जाने की जानकारी मिली, जबकि कंपनी में केवल चार कर्मचारी बताए गए। इसके अलावा वास्तविक कृषि उत्पादों की खरीद के बिना 79.56 करोड़ रुपये प्याज और अन्य कमोडिटी की खरीद के रूप में दिखाए जाने का आरोप है।

ईडी के अनुसार, मुथुसेल्वन ने निवेश योजनाओं के संचालन, निवेशकों को जोड़ने और रकम के लेन-देन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एजेंसी ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।