Home राष्ट्रीय चार माह बाद ट्रैक्टर चोरी का खुलासा, पुलिस ने दो आरोपियों को...

चार माह बाद ट्रैक्टर चोरी का खुलासा, पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

19
0
Tractor theft case solved after four months, police arrested two accused

बैतूल: मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की कोतवाली पुलिस ने चार माह पूर्व हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब आठ लाख रुपये मूल्य का चोरी गया महिन्द्रा अर्जुन नोवो 605 डीआई ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत एसडीओपी अन्नपूर्णा सिरसाम के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और विवेचना के आधार पर मामले का खुलासा किया।


पुलिस ने बताया कि ग्राम रातामाटी निवासी शिवराज सिंह परमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका महिन्द्रा कंपनी का ट्रैक्टर (क्रमांक एमपी-48-एए-6531) 21 फरवरी 2026 को फॉरेस्ट नाका के पास खेत में खड़ा था, जिसे अज्ञात चोर अगले दिन चोरी कर ले गए। इस संबंध में कोतवाली थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(बी) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

GNSU Admission Open 2026


जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया तथा विभिन्न स्थानों पर तलाश की। इसी दौरान मर्दवानी-खारागोंदी के कच्चे मार्ग स्थित जामुन नाला जंगल के समीप ट्रैक्टर-ट्रॉली लावारिस हालत में बरामद हुई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस ने कमलेश यादव (30) निवासी बांसपानी को महाराष्ट्र के चंद्रपुर से तथा दिनेश यादव (28) निवासी महूपानी को बैतूल क्षेत्र से गिरफ्तार किया।

पूछताछ में दोनों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त कर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक देवकरण डेहरिया, उपनिरीक्षक राकेश कुमार सरयाम, उपनिरीक्षक छत्रपाल धुर्वे तथा कोतवाली थाना एवं साइबर सेल के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।