तेज रफ्तार हार्वेस्टर ने बाइक को मारी टक्कर, युवक और किशोरी की मौत
Speeding harvester hits motorcycle; young man and teenage girl killed

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में एक भीषण सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक और किशोरी की दर्दनाक मौत हो गई। पेंड्रा-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर ग्राम अमरपुर के समीप तेज रफ्तार हार्वेस्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद हार्वेस्टर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। हालांकि, पुलिस ने पीछा करते हुए हार्वेस्टर को पतगवां के पास पकड़ लिया, जबकि चालक अब भी फरार है।

पुलिस के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब युवक और किशोरी मोटरसाइकिल से पेंड्रा-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर जा रहे थे। इसी दौरान धान कटाई में इस्तेमाल होने वाले तेज रफ्तार हार्वेस्टर ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक के सिर में गंभीर चोट आई और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीणों तथा राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।

GNSU Admission Open 2026

मृतकों की पहचान मुकेश पोर्ते (22), पिता जीवन, निवासी घाटबाहरा खुसरोपारा, चौकी कोड़गार और दुलरिया (17), पिता फागुन सिंह वाकरे, निवासी बस्ती के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पेंड्रा थाना पुलिस और पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद हार्वेस्टर चालक वाहन लेकर मौके से भाग निकला था। इसके बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से वाहन की तलाश शुरू की। अभियान के दौरान हार्वेस्टर को पतगवां के पास पकड़ लिया गया, लेकिन चालक वाहन छोड़कर फरार होने में सफल रहा।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भिजवा दिया है। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ पंचनामा और अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही फरार हार्वेस्टर चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है।