
इंग्लवुड (कैलिफोर्निया): सुपर-सब मिकेल मेरिनो के आखिरी क्षणों में किये गये गोल की बदौलत स्पेन ने फीफा विश्वकप 2026 में बेल्जियम पर 2-1 से जीत दर्ज करते हुए टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। यह विश्वकप के इतिहास में तीसरी बार है जब स्पेन ने अंतिम चार में जगह बनाई है। शुक्रवार रात खेले गये विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में स्पेन की ओर से फैबियन रुइज और मिकेल मेरिनो ने गोल किये। वहीं बेल्जियम की ओर एकमात्र गोल चार्ल्स डी केटेलेरे ने दागा।
पहले हाफ में दोनों टीमों ने एक-दूसरे के खिलाफ गोल दागे। स्पेन की ओर से फैबियन रुइज ने 30वें मिनट में गोलकर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद 11 मिनट बाद बेल्जियम ने चार्ल्स डी केटेलेरे के 41वें मिनट के गोलकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। ऐसे में मैच जब अतिरिक्त समय की ओर बढ़ता दिख रहा था, इसी दौरान बेल्जियम के गोलकीपर थिबाउट कोर्टुआ चोट के कारण 71वें मिनट में मैदान से बाहर चले गए। उनके स्थान पर आए सेन लामेंस 88वें मिनट में मिकेल मेरिनो के गोल नहीं रोक पाये। इस निर्णायक गोल ने स्पेन को सेमीफाइनल में पहंचा दिया। इस जीत के साथ स्पेन ने लगातार 36वां मैच बिना हार के पूरा किया और इटली के 37 मैचों के रिकॉर्ड के करीब पहुंच गया।
स्पेन अब मंगलवार को एक सपने जैसे सेमीफाइनल में फ्रांस का सामना करेगा।
बेल्जियम पर जीत के बाद स्पेन के मुख्य कोच लुइस डे ला फुएंते ने कहा, “यह हमारी टीम के जज्बे का परिणाम है। इतनी समर्पित और लगातार बेहतर करने वाली टीम का कोच होना मेरे लिए सम्मान की बात है। हम फ्रांस को हरा सकते हैं। हम इसके लिए पूरी मेहनत करेंगे। हमारी टीम दो बार फ्रांस को हरा चुकी है। अब एक महान टीम का सामना दूसरी महान टीम से होगा।” मैच विजयी गोल करने वाले मिकेल मेरिनो ने कहा, “मैं बेहद खुश हूं। शायद ऐसा मौका दोबारा कभी न मिले। हम विश्वकप जीतने से सिर्फ दो मैच दूर हैं। यह सपना सच होने जैसा है। उम्मीद है कि हम इसे पूरा करेंगे। “






