Home राष्ट्रीय शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 800 अंक से अधिक उछला, आईटी शेयरों में...

शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 800 अंक से अधिक उछला, आईटी शेयरों में जोरदार खरीदारी

19
0
Sensex jumps over 800 points in early trade, heavy buying in IT stocks

मुंबई: आईटी तथा दूसरे सेक्टरों में लिवाली से शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजारों में शुरुआती तेजी रही और बीएसई का सेंसेक्स 800 अंक से अधिक उछल गया। सेंसेक्स 653.81 अंक की बढ़त के साथ 77,395.63 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 792.53 अंक (1.03 प्रतिशत) की मजबूती के साथ 77,534.35 अंक पर था। इससे पहले यह 816 अंक तक ऊपर पहुंच गया था। बाजार में चौतरफा लिवाली है। निवेशक पश्चिम एशिया संकट से ज्यादा एआई में चल रही प्रगति को तरजीह दे रहे हैं। इससे आईटी सेक्टर की कंपनियों में जबरदस्त तेजी देखी जा रही है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 171.10 अंक चढ़कर 26,847.45 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 230.40 अंक यानी 0.96 फीसदी की बढ़त में 24,193.20 अंक पर रहा। वृहत बाजार में भी तेजी बनी हुई है। निवेशक मझौली और छोटी कंपनियों में भी विश्वास दिखा रहे हैं।

स्वास्थ्य और फार्मा को छोड़कर सभी सेक्टर हरे निशान में हैं। निफ्टी आईटी सूचकांक करीब डेढ़ फीसदी ऊपर है। बैंकिंग, वित्त, धातु, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, तेल एवं गैस और सीमेंट सेक्टरों में भी अच्छी लिवाली देख जा रही है। ऑटो रसायन और रियल्टी सेक्टर भी मजबूत बने हुए हैं। सेंसेक्स की कंपनियों में टेक महिंद्रा, टीसीएस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और एशियन पेंट्स के शेयर दो प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त में हैं।

GNSU Admission Open 2026

इंफोसिस, आईसीआईसीआई बैंक और एक्सिस बैंक के शेयर डेढ़ से दो फीसदी ऊपर हैं। हिंदुस्तान यूनीलिवर, मारुति सुजुकी, टाटा स्टील, इंडिगो, अल्ट्राटेक सीमेंट, अडानी पोर्ट्स, बीईएल, एलएंडटी और महिंद्रा एंड महिंद्रा में भी एक प्रतिशत से ज्यादा तेजी रही। भारती एयरटेल का शेयर फिलहाल एक प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट में है। इटरनल में भी बिकवाली देखी जा रही है।