नयी दिल्ली। सरकार ने गुजरात के अहमदाबाद मेट्रो के दूसरे चरण के विस्तार के लिए 1,067.35 करोड़ रुपये मंजूर किये हैं जिसके तहत उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर का गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक (गिफ्ट) सिटी से शाहपुर तक विस्तार किया जायेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की मंगलवार को हुई बैठक में लिए गये निर्णयों की जानकारी देते हुए सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्चिनी वैष्णव ने बताया कि जीआईएफटी सिटी से शाहपुर तक 3.33 किलोमीटर लंबी और तीन एलिवेटेड स्टेशनों वाली सड़क के विस्तार को मंजूरी दी गयी है। परियोजना लगभग चार वर्षों में पूरी होने वाली है। इस परियोजना की अनुमानित लागत 1,067.35 करोड़ रुपये है। इस विस्तारित कॉरिडोर से 2029 में लगभग 23,702 यात्रियों और 2041 में लगभग 58,059 यात्रियों को लाभ मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि यह कॉरिडोर अहमदाबाद और जीआईएफटी क्षेत्र के बीच संपर्क को मजबूत करेगा। प्रस्तावित मार्ग पर स्थित प्रमुख बहुराष्ट्रीय कंपनियों, शैक्षणिक संस्थानों और वाणिज्यिक केंद्रों को इससे सीधा लाभ मिलेगा। इसके अतिरिक्त, यह विस्तार अहमदाबाद और जीआईएफटी क्षेत्र के बीच यात्रा करने वाले दैनिक यात्रियों के लिये व्यापार, रोजगार और शिक्षा से संबंधित यात्रा आवश्यकताओं को पूरा करने में लाभकारी होगा। श्री वैष्णव ने कहा कि इस परियोजना से निर्माण क्षेत्र में लगभग एक हजार रोज़गार सृजित होने की उम्मीद है। निर्माण के बाद के चरण में संचालन और रखरखाव के लिए लगभग 250 लोगों को रोज़गार मिलेगा। इसके अतिरिक्त, अन्य गतिविधियों से अप्रत्यक्ष रूप से और भी अधिक लोगों को रोज़गार मिलेगा।







