कपूरथला: रेल कोच फैक्टरी (आरसीएफ), कपूरथला 12 अगस्त को बंगलादेश रेलवे के लिए 19 एलएचबी ब्रॉडगेज यात्री कोचों की पहली रेक तैयार कर एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करने जा रही है।
पहली रेक में तीन एसी स्लीपर कार, तीन एसी चेयर कार, 11 नॉन-एसी चेयर कार और दो पावर कार शामिल हैं। इन कोचों में बंगलादेश रेलवे की परिचालन जरूरतों और यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए कई विशेष डिजाइन और तकनीकी बदलाव किए गए हैं।
कोचों में विशेष रूप से डिजाइन की गई रिक्लाइनिंग सीटें, स्टेनलेस स्टील आर्मरेस्ट और फुटरेस्ट लगाए गए हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए एसी कोचों में पंखे, एकीकृत सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, यात्री अलार्म सिस्टम, आंशिक रूप से खुलने वाली खिड़कियां, बेबी केयर रूम तथा प्रार्थना कक्ष की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। व्यस्त समय में कोचों की छत पर यात्रियों के चढ़ने की स्थिति को ध्यान में रखते हुए छत की संरचना को अतिरिक्त भार सहने योग्य बनाया गया है।
इन कोचों की एक प्रमुख तकनीकी विशेषता यूरोपीय मानक ईएन 15227 के अनुरूप क्रैशवर्दी डिजाइन प्रावधानों का समावेश है। इसके लिए कोच बॉडी शेल के डिजाइन में व्यापक बदलाव किए गए हैं, जिससे टक्कर की स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा बेहतर हो सके। इसके अलावा इन कोचों की विद्युत प्रणाली को भारतीय रेल के कोचों में इस्तेमाल होने वाली सामान्य 750 वोल्ट प्रणाली के बजाय 415 वोल्ट पर संचालन के लिए विशेष रूप से डिजाइन किया गया है।
आरसीएफ और बंगलादेश रेलवे के बीच सहयोग की शुरुआत वर्ष 2015-16 में हुई थी, जब आरसीएफ ने बंगलादेश रेलवे को 120 एलएचबी ब्रॉडगेज यात्री कोचों की सफलतापूर्वक आपूर्ति की थी। इस सफल साझेदारी को आगे बढ़ाते हुए बांग्लादेश रेलवे ने वर्ष 2024 में आरआईटीईएस के माध्यम से आरसीएफ को सात विभिन्न प्रकारों में 200 ब्रॉडगेज यात्री कोचों के निर्माण और आपूर्ति का महत्वपूर्ण आदेश दिया था।
पहली रेक का रोलआउट भारत और बांग्लादेश के बीच रेलवे क्षेत्र में सहयोग तथा आरसीएफ कपूरथला की आधुनिक यात्री कोच निर्माण क्षमता की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।







