Home राष्ट्रीय राहुल गांधी का असम में हमला: हिमंता सरमा और मोदी सरकार पर...

राहुल गांधी का असम में हमला: हिमंता सरमा और मोदी सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप

65
0
Rahul Gandhi attacks Himanta Sarma and Modi government in Assam, alleges corruption

नयी दिल्ली: नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी गुरुवार को असम के कार्बी आंगलोंग में चुनावी रैली को संबोधित करने पहुंचे। इस दौरान राहुल गांधी ने राज्य के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा पर जमकर हमला बोला। राहुल ने उन्हें “भारत का सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री” करार दिया और उनके परिवार को भी भ्रष्टाचार के मामले में आरोपित किया। राहुल गांधी ने दावा किया कि मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मिलकर राज्य में एक “लैंड एटीएम” चला रहे हैं, जिसके तहत आम लोगों की ज़मीन छीनकर बड़े उद्योगपतियों को दी जा रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि असम में तीन बड़े कॉरपोरेट घरानों को कुल 98,400 बीघा जमीन दी गई है। राहुल ने वादा किया कि अगर कांग्रेस की सरकार बनी तो सीएम हिमंता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर भी तीखा हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह समझौता भारत के लिए नुकसानदेह है और प्रधानमंत्री मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नियंत्रण में हैं।

GNSU Admission Open 2026

राहुल ने कहा कि इस समझौते के कारण भारत की कृषि, ऊर्जा सुरक्षा, डेटा और छोटे कारोबारों को खतरा हो गया है, जबकि अमेरिका को इसका बड़ा फायदा हुआ है। राहुल ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने सोयाबीन, दाल, फल और कपास जैसे अहम कृषि क्षेत्रों को अमेरिकी कंपनियों के लिए खोल दिया है, जिससे भारतीय किसान बुरी तरह प्रभावित होंगे। उनका कहना था कि यह समझौता दबाव में हुआ और इससे भारत को कुछ हासिल नहीं हुआ। राहुल गांधी के इन आरोपों ने असम में आगामी चुनावों के बीच राजनीति को और भी गरम कर दिया है।