Home राष्ट्रीय राधाकृष्णन ने 19 सदस्यों को राज्यसभा की शपथ दिलाई

राधाकृष्णन ने 19 सदस्यों को राज्यसभा की शपथ दिलाई

168
0
Radhakrishnan administered the oath of office to 19 Rajya Sabha members.

नयी दिल्ली। राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन ने सोमवार को नवनिर्वाचित और दोबारा चुनकर आये कुल 19 सदस्यों को राज्यसभा की सदस्यता की शपथ दिलाई। शपथ लेने वाले सदस्यों में छह तमिलनाडु , पांच महाराष्ट्र , पांच पश्चिम बंगाल और तीन ओड़िशा से हैं। इनमें से तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के चार-चार, द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के दो, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) , रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया, शिव सेना, राकांपा (शरद पवार), बीजू जनता दल, कांग्रेस, अन्नाद्रमुक, पीएमके, मरूमलारची द्रमुक का एक -एक और एक निर्दलीय सदस्य शामिल हैं। शपथ लेने वाले सदस्यों में तीन महिलाएं और 16 पुरूष हैं।

इनमें से पांच सदस्य सदन में दोबारा चुनकर आये हैं। शरद चंद्र पवार ने सदन में व्हील चेयर पर बैठकर शपथ ली। महाराष्ट्र से शपथ लेने वाले सदस्यों में भारतीय जनता पार्टी की माया चिंतामन इवनाटे और रामराव सखाराम वडकुटे ने मराठी में शपथ ली। राकांपा (शरद पवार) के श्री पवार और आरपीआई के रामदास आठवले ने हिन्दी में और शिवसेना की डाॅ. ज्योतिनाथ नागनाथ वाघमारे ने मराठी में शपथ ली। ओड़िशा से भाजपा के मनमोहन सामल ,बीजू जनता दल के संतृप्त मिश्रा और निर्दलीय दिलीप कुमार राय ने उड़िया में शपथ ली।

GNSU Admission Open 2026

तमिलनाडु से द्रमुक के कांन्सटेंडिन रविन्द्रन और तिरूचि शिवा, कांग्रेस के क्रिस्टोफर मणिक्कम, मरूमलारची द्रमुक के एल के सुधीश, अन्नाद्रमुक के एम तम्बी दुरै और पीएमके के अंबूमणि रामदास ने तमिल में शपथ ली। श्री पवार, श्री आठवले, श्री रामदास, श्री शिवा और श्री दुरै उच्च सदन के लिए एक बार फिर से चुने गये हैं। पश्चिम बंगाल से तृणमूल कांग्रेस के बाबुल सुप्रियो बराल, राजीव कुमार और रूक्मिणी मल्लिक ने बंगला में तथा डाॅ. मेनका गुरूस्वामी ने अंग्रेजी में शपथ ली जबकि भाजपा के विश्वजीत सिन्हा ने बंगला में शपथ ली। इस अवसर पर केन्द्रीय संसदीय मंत्री किरेण रिजिजू, उप सभापति हरिवंश और कुछ सांसद तथा अधिकारी भी मौजूद थे। ये सभी सदस्य हाल ही में हुए द्विवार्षिक चुनावों में जीत हासिल कर राज्यसभा के लिए चुने गये हैं।