प्रयागराज: उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के कोरांव थाना क्षेत्र के नेवढ़िया पाल गांव में करीब ढाई महीने से लापता एक महिला का शव खेत में जमीन के भीतर दबा मिला। पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच तेज कर दी है और संदेह के आधार पर गांव के ही एक दंपत्ति को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार नेवढ़िया पाल गांव निवासी शांति देवी (50) 23 अप्रैल से लापता थीं। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उनके पुत्र मुकेश पाल ने 27 अप्रैल को कोरांव थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
शुक्रवार रात ग्रामीणों ने बस्ती से करीब 500 मीटर दूर एक खेत में जमीन से बाहर निकले मानव पैर देखे। आशंका होने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोरांव थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह और सहायक पुलिस आयुक्त मेजा बृजेश पाठक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने रात करीब 10 बजे खुदाई कर मिट्टी में दबे शव को बाहर निकाला। परिजनों ने शव की पहचान शांति देवी के रूप में की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक तौर पर महिला की हत्या कर शव को खेत में दफनाए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले के खुलासे और आरोपियों की पहचान के लिए जांच जारी है। इस सिलसिले में पुलिस ने गांव के ही एक दंपत्ति को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।







