मुंबई: महाराष्ट्र में मुंबई-पुणे एक्सप्रेस-वे के ‘मिसिंग लिंक’ पर भूस्खलन के बाद मुंबई की ओर जाने वाली दो लेन खोल दी गयी हैं, जबकि टूटे हुए चैनल से पानी बहने के कारण एक लेन अभी भी बंद है। अधिकारियों ने बताया कि भूस्खलन के कारण लगभग 19 घंटे बंद रखने के बाद ‘मिसिंग लिंक’ को सोमवार देर रात आंशिक रूप से फिर खोल दिया गया।
महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (एमएसआरडीसी) ने बताया कि लोनावाला सेक्शन में सुरंग दो के पास मलबा हटाने और सुरक्षा जांच के बाद छह जुलाई को रात 10:10 बजे मुंबई से पुणे के लिए यातायात फिर से शुरू हो गया।
उन्होंने कहा कि भारी बारिश के कारण प्रवेश द्वार को नुकसान पहुंचने के बावजूद, 7,000 करोड़ रुपये की लागत वाली ‘मिसिंग लिंक’ टनल संरचनात्मक रूप से सुरक्षित है। पुणे से मुंबई जाने वाला रास्ता अभी भी बंद है। पुलिस ने बताया कि मुंबई जाने वाले वाहनों को पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग-48 से परिवर्तित किया जा रहा है।
रात भर हुई भारी बारिश के कारण तड़के करीब तीन बजे सुरंग दो के प्रवेश द्वार पर भूस्खलन हुआ। एमएसआरडीसी ने बताया कि टीमों ने मलबा हटाने के लिए 14 घंटे तक काम किया। बारिश, कम दृश्यता और तकनीकी जांच के कारण इसे फिर से खोलने में देरी हुई।
निगम के एक बयान में कहा गया, “सुरंग दो और उससे जुड़ी ढलान की जांच के दौरान कोई ढीली चट्टान या अस्थिर सामग्री नहीं मिली।”
एजेंसी ने इस घटना को ‘दैवीय घटना’ करार दिया और निर्माण में खामियों के दावों को खारिज कर दिया। उसने कहा कि सुरक्षा बैरियर ने नुकसान को कम करने में मदद की। एमएसआरडीसी ने कहा कि मॉनसून के बाद एक नया भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण किया जाएगा और अतिरिक्त सुरक्षात्मक जाली लगाने की संभावना की जांच की जाएगी।
गौरतलब है कि एक मई को शुरू किये गये 13.3 किलोमीटर लंबे ‘मिसिंग लिंक’ से मुंबई और पुणे के बीच यात्रा का समय 25-30 मिनट कम हो जाता है।







