
तिरुवनंतपुरम/तिरुवल्ला। केरल में विधानसभा चुनाव के बीच सियासी पारा लगातार चढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री Narendra Modi का आज का दौरा चुनावी मुकाबले को और दिलचस्प बना रहा है। तिरुवनंतपुरम से लेकर तिरुवल्ला तक भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और एनडीए अपनी ताकत दिखाने की पूरी तैयारी में हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दोपहर हेलीकॉप्टर के जरिए चंगनाशेरी स्थित एनएसएस कॉलेज पहुंचेंगे।
यहां से वे सड़क मार्ग से तिरुवल्ला के लिए रवाना होंगे, जहां तिरुवल्ला पब्लिक स्टेडियम में आयोजित एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे। इस रैली में करीब 50 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। इसे बीजेपी और एनडीए के लिए एक बड़े शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।जनसभा के बाद प्रधानमंत्री तिरुवनंतपुरम पहुंचेंगे, जहां एक भव्य रोड शो का आयोजन किया गया है। यह रोड शो किलिलपलम जंक्शन से करमना तक करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा होगा। इसमें जिले भर से करीब 50 हजार कार्यकर्ताओं के शामिल होने का अनुमान है। पार्टी के लिए यह रोड शो जनसमर्थन जुटाने और चुनावी माहौल को और धार देने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
दरअसल, केरल में इस समय चुनावी माहौल बेहद गरम है और मुकाबला भी कांटे का माना जा रहा है। ऐसे में प्रधानमंत्री का यह दौरा न सिर्फ राजनीतिक संदेश देने वाला है, बल्कि यह बीजेपी और एनडीए के चुनावी अभियान को नई गति और धार देने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है। बहरहाल, जैसे-जैसे चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है, राजनीतिक दलों के बीच मुकाबला और तीखा होता जा रहा है। अब देखना दिलचस्प होगा कि प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा राज्य की राजनीति में कितना असर डालता है और क्या यह बीजेपी-एनडीए के पक्ष में माहौल बनाने में सफल हो पाता है।






