कोलकाता: देश केतीन राज्यों में वोटिंग के बीच पश्चिम बंगाल में प्रचार के लिए पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ममता बनर्जी पर अप्रत्यक्ष तौर पर हमला बोला है। पीएम मोदी ने हल्दिया में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार भबानीपुर में नंदीग्राम होगा। राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भबानीपुर सीट से लड़ रही है। बीजेपीने उनके सामने सुवेंदु अधिकारी को उतारा है। 2021 के चुनावों में ममता बनर्जी नंदीग्राम से हार गई थी। पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल ने इस बार हर विपरीत परिस्थिति को पराजित करने का फैसला कर लिया है। बीजेपी की विजय, इस उत्साह और उमंग में दिखाई पड़ती है। ये परिवर्तन की आंधी है।
ये टीएमसी की निर्मम सरकार के जाने का ऐलान है। हल्दिया की जनसभा में पीएम मोदी टीएमसी नेता ममता बनर्जी के 10 प्रण के जवाब ने बंगाल में 6 वादे किए। पीएम माेदी ने कहा कि जो बंगाल कभी भारत की प्रगति का आधार था, जो बंगाल कभी भारत की मैन्युफैक्चरिंग और व्यापार को मजबूती देता था, उसी बंगाल को टीएमसी ने विकास के पैमानों पर इतना नीचे ला दिया है। हल्दिया, सदियों पहले भी ऐतिहासिक ताम्रलिप्त एक फलती-फूलती समृद्ध नगरी थी। दुनिया भर के साथ यहां से व्यापार और कारोबार होता था। हल्दिया आधुनिक भारत के बड़े औद्योगिक केंद्रों में से एक था, लेकिन पिछले दशकों में यहां की फैक्ट्रियों में ताले लटक रहे हैं।







