New cyber fraud tactics in Raipur: Impersonating a doctor booked air tickets worth 51,000; also defrauded businessmen

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और फोन कॉल के जरिए ठगी के कई मामले सामने आने के बाद पुलिस के सामने साइबर अपराधियों के नए तौर-तरीकों की तस्वीर सामने आई है। कहीं ठग ने खुद को सरकारी अस्पताल का डॉक्टर बताकर ट्रैवल एजेंट से 51 हजार रुपये की एयर टिकट बुक करा ली, तो कहीं सस्ते पार्सल और कम कीमत पर तेल उपलब्ध कराने का झांसा देकर कारोबारियों को निशाना बनाया गया।

डॉक्टर बनकर कराई चेन्नई-बैंकॉक की टिकट बुक

पहले मामले में ठग ने रायपुर के एक सरकारी अस्पताल का डॉक्टर बनकर ट्रैवल एजेंट से संपर्क किया। उसने अपना नाम, पद और पासपोर्ट नंबर समेत कई व्यक्तिगत जानकारियां देकर भरोसा कायम किया और चेन्नई से बैंकॉक की एयर टिकट बुक करने को कहा।

GNSU Admission Open 2026

टिकट की कीमत करीब 51 हजार रुपये थी। आरोपी ने एजेंट से कहा कि उसके कुछ साथी डॉक्टर भी उसी फ्लाइट से यात्रा करेंगे और टिकट अस्पताल में आकर नकद भुगतान कर लेगा। जानकारी विश्वसनीय लगने पर एजेंट ने टिकट बुक कर दी।

लेकिन टिकट लेकर जब एजेंट अस्पताल पहुंचा तो उस नाम का कोई डॉक्टर नहीं मिला। इसके बाद जिस मोबाइल नंबर से कॉल आया था, वह भी बंद हो गया। एजेंट ने तत्काल पुलिस से संपर्क किया।

क्राइम ब्रांच के टीआई सतीश गहरवार के मुताबिक, समय रहते शिकायत मिलने के बाद पासपोर्ट से जुड़ी जानकारी के आधार पर कार्रवाई की गई और ठगी की रकम में से 40 हजार रुपये वापस कराए गए।

सस्ते पार्सल के नाम पर भी ठगी

दूसरे मामले में शंकर नगर क्षेत्र में एक युवक को ऑनलाइन एप के जरिए सस्ता भोजन उपलब्ध कराने का झांसा दिया गया। आरोपी ने दावा किया कि 350 रुपये का पार्सल सिर्फ 100 रुपये में उपलब्ध कराया जाएगा।

युवक से पहले एडवांस भुगतान कराया गया और इसके बाद एमजी रोड स्थित एक होटल से भोजन का ऑर्डर कराकर उसकी डिलीवरी के लिए युवक का पता दे दिया गया। जब डिलीवरी बॉय बताए गए पते पर पहुंचा तो भुगतान को लेकर विवाद हो गया।

युवक ने जिस नंबर पर पहले पैसे भेजे थे, उस पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद मामले की शिकायत सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई गई।

सस्ते तेल का ऑफर देकर कारोबारी को बनाया निशाना

तीसरे मामले में पंडरी कपड़ा मार्केट स्थित एक बिरयानी सेंटर के कारोबारी को फोन कर बाजार से कम कीमत पर तेल उपलब्ध कराने का लालच दिया गया। ठग ने 1600 रुपये की तेल की टीन 1100 रुपये में देने का दावा किया।

कम कीमत देखकर कारोबारी ने 30 टीन का ऑर्डर दे दिया। इसके बाद आरोपी ने गुढ़ियारी के एक थोक कारोबारी से तेल भिजवाने की व्यवस्था की और माल पहुंचने के बाद भुगतान करने की बात कही।

थोक कारोबारी का कर्मचारी तेल लेकर बिरयानी सेंटर पहुंचा। इसी दौरान ठग ने होटल कारोबारी से ऑनलाइन भुगतान करा लिया। जब तेल उतारने के बाद कर्मचारी ने 1600 रुपये प्रति टीन के हिसाब से रकम मांगी, तब कारोबारी को पूरा मामला समझ में आया और ठगी का खुलासा हुआ।

पुलिस कर रही ठगी के तरीकों की जांच

रायपुर में सामने आए इन मामलों में ठगों ने अलग-अलग तरीके अपनाकर लोगों का भरोसा जीतने की कोशिश की। पुलिस अब फोन नंबर, ऑनलाइन भुगतान और अन्य उपलब्ध जानकारियों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

पुलिस का कहना है कि ऑनलाइन लेन-देन या फोन पर मिलने वाले आकर्षक ऑफर की जांच किए बिना भुगतान करने से बचना चाहिए। किसी भी संदिग्ध लेन-देन की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देना जरूरी है।