मुंबई। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के बीच में Mumbai Indians को बड़ा झटका लगा है। टीम के स्पिन ऑलराउंडर Atharva Ankolekar चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह फ्रेंचाइजी ने युवा तेज गेंदबाज Krish Bhagat को टीम में शामिल किया है।फ्रेंचाइजी की ओर से जारी बयान में बताया गया कि 21 वर्षीय कृष भगत को 30 लाख रुपये के बेस प्राइस पर टीम से जोड़ा गया है। पंजाब के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले भगत दाएं हाथ के मध्यम गति के तेज गेंदबाज हैं और निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी भी कर सकते हैं। उन्होंने अब तक सात प्रथम श्रेणी और नौ लिस्ट-ए मुकाबले खेले हैं, जिसमें एक अर्धशतक भी शामिल है। कृष भगत पिछले दो वर्षों से मुंबई इंडियंस के ट्रायल्स का हिस्सा रहे हैं। हाल ही में उन्होंने डीवाई पाटिल टी20 कप में रिलायंस टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन किया था और प्री-सीजन के दौरान टीम के साथ बतौर सहायक गेंदबाज जुड़े थे। ऐसे में टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि वह गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती देंगे। वहीं, अथर्व अंकोलेकर का रिकॉर्ड भी प्रभावशाली रहा है। वह 2020 में भारत की अंडर-19 विश्व कप टीम का हिस्सा रहे थे और 2019 के एसीसी अंडर-19 एशिया कप फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच बने थे। उनकी अनुपस्थिति टीम के संतुलन पर असर डाल सकती है। मुंबई इंडियंस ने इस सीजन की शुरुआत जीत के साथ की थी, लेकिन इसके बाद टीम को लगातार तीन हार का सामना करना पड़ा है। फिलहाल टीम अंक तालिका में निचले पायदान पर है। अब वानखेड़े स्टेडियम में पंजाब किंग्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले में टीम नए संयोजन के साथ वापसी की कोशिश करेगी।







