फिरोजाबाद। फिरोजाबाद के एका थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। नगला खेड़ा पुल के पास मोड़ पर दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई, जिसमें एक महिला समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ, जब दोनों बाइकों की रफ्तार काफी तेज बताई जा रही है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दूर जा गिरे और घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। इस हादसे में उजीरपुर निवासी 40 वर्षीय शशि और उरीसर निवासी 18 वर्षीय संदीप की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं शशि के पति अरविंद तथा दूसरी बाइक पर सवार संदीप के भाई राजीव और सनी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल सरकारी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाइक सवार दंपती दिल्ली से अपने घर लौट रहे थे, जबकि दूसरी बाइक पर सवार तीन युवक खेत में काम कर रहे परिजनों के लिए खाना लेकर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि दूसरी बाइक पर सवार युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे चोटें गंभीर हुईं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और हेलमेट के उपयोग की अनिवार्यता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।







