Horrific accident on Badrinath Highway, car crushed under dumper; brother and sister killed, two critical

ऋषिकेश: उत्तराखंड के बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। मालाकुंठी के पास कार और डंपर की आमने-सामने टक्कर में भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार डंपर के नीचे जा घुसी और उसका अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

जानकारी के अनुसार, श्रीनगर के डांग निवासी चार लोग स्विफ्ट कार से ऋषिकेश से श्रीनगर की ओर जा रहे थे। मालाकुंठी के पास एक मोड़ पर उनकी कार सामने से आ रहे डंपर से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

GNSU Admission Open 2026

कार में फंसे लोगों को निकालने में लगी कड़ी मशक्कत

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीम घटनास्थल पर पहुंची। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालना रेस्क्यू टीम के लिए चुनौतीपूर्ण रहा।

टीम ने काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला। हादसे में कार चालक ऋषभ सेमवाल और उनकी बहन रक्षा सेमवाल की मौके पर ही मौत हो गई।

दो घायलों का एम्स में इलाज जारी

कार की पिछली सीट पर बैठे दो लोग हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को तत्काल एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने दोनों शवों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।