शिवहर: नेपाल के तराई क्षेत्रों और बिहार के सीमावर्ती इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच शिवहर जिला प्रशासन ने संभावित बाढ़ और जलजमाव को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। जिले से गुजरने वाली बागमती नदी का जलस्तर खतरे के निशान 61.28 मीटर को पार कर 62.29 मीटर तक पहुंच गया है।
जिला प्रशासन के निर्देश पर अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन, अनुमंडल पदाधिकारी और सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी ने जिले के संवेदनशील और अति संवेदनशील क्षेत्रों के साथ तटबंधों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बेलवा घाट, डुब्बा घाट, मोहारी बांध सहित विभिन्न स्थानों का दौरा कर नदी के जलस्तर और तटबंधों की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान तटबंधों की सुरक्षा व्यवस्था, पहले किए गए सुरक्षात्मक कार्यों और संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए उपलब्ध संसाधनों की जांच की गई। तटबंधों पर बालू से भरे बोरे और अन्य जरूरी सामग्री की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी, तटबंधों पर दबाव, रिसाव या किसी भी असामान्य स्थिति की सूचना तुरंत जिला प्रशासन को देने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखने और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
प्रशासन ने लोगों से नदी, घाट और तटबंध के आसपास अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर जाने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। बच्चों को नदी, नहर, तालाब और जलजमाव वाले क्षेत्रों से दूर रखने तथा पशुओं को भी सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और मौसम व बाढ़ से जुड़ी जानकारी के लिए अधिकृत सरकारी माध्यमों पर भरोसा करने की अपील की है। आपात स्थिति में जिला आपातकालीन संचालन केंद्र के दूरभाष 06222-257060 और 06222-257061 पर संपर्क किया जा सकता है।







