देहरादून। उत्तराखंड में फुटबॉल को बढ़ावा देने और विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देने के उद्देश्य से उत्तराखंड चैलेंज कप अंडर-15 एवं 50 प्लस फुटबॉल चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। देहरादून फुटबॉल एकेडमी (डीएफए) और खेलो मास्टर्स गेम्स फाउंडेशन ऑफ उत्तराखंड के संयुक्त तत्वावधान में होने वाली यह प्रतियोगिता 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित होगी। दोनों दिन मुकाबले सुबह आठ बजे से शुरू होंगे।
डीएफए के संचालक डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन देहरादून के गूलर घाटी रोड स्थित भागीरथी एन्क्लेव के डीएफए ग्राउंड में किया जाएगा। इसमें अंडर-15 और 50 प्लस आयु वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे। आयोजन का उद्देश्य किशोर खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा निखारने का मंच देने के साथ ही वरिष्ठ खिलाड़ियों को भी फुटबॉल से जुड़े रहने के लिए प्रोत्साहित करना है।
आयोजकों के अनुसार, अंडर-15 वर्ग में एक जनवरी 2011 के बाद जन्मे खिलाड़ी भाग लेने के पात्र होंगे। वहीं, 50 प्लस आयु वर्ग में 31 दिसंबर 1976 से पहले जन्मे खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने की इच्छुक टीमों के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 22 अक्टूबर निर्धारित की गई है।
चैंपियनशिप में विजेता और उपविजेता टीमों को नकद पुरस्कार के साथ सम्मानित किया जाएगा। विजेता टीम को 7,000 रुपये और उपविजेता टीम को 4,000 रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा दोनों टीमों को ट्रॉफी और पदक भी प्रदान किए जाएंगे। खिलाड़ियों की सुविधा के लिए आयोजन स्थल पर दोपहर के भोजन में पहाड़ी व्यंजन और चाय निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
टीमों के पंजीकरण और प्रतियोगिता से संबंधित जानकारी के लिए इच्छुक प्रतिभागी डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत के मोबाइल नंबर 9319895526 पर व्हाट्सऐप के माध्यम से अपनी एंट्री भेज सकते हैं।
डॉ. रावत ने बताया कि वह पिछले 27 वर्षों से विभिन्न आयु वर्गों की फुटबॉल प्रतियोगिताओं का आयोजन कर रहे हैं। उनके अनुसार, खेल गतिविधियों से किशोरों, युवाओं और वयस्कों को सकारात्मक दिशा मिलती है तथा उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने के लिए प्रेरणा मिलती है।







