बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में सफदरगंज क्षेत्र के हाईवे पर चलती कार में आग लगने से चालक की दर्दनाक मौत हो गई। आग इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह जलकर राख हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और दमकल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सफदरगंज क्षेत्र में हाईवे पर एक चलती कार में अचानक आग लग गई। आग ने कुछ ही समय में पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में चालक बाहर नहीं निकल सका और उसकी जलकर मौत हो गई। आग बुझने के बाद कार के अवशेषों में हड्डियां मिलीं। घटनास्थल की स्थिति से आशंका जताई गई कि चालक ने बाहर निकलने के लिए दरवाजे खोलने की कोशिश की होगी, लेकिन वह सफल नहीं हो पाया। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
मृतक की पहचान हुई
मृतक की पहचान सफदरगंज क्षेत्र के नोहरी का पुरवा निवासी प्रदीप कुमार वर्मा के रूप में हुई है। वह राम वर्मा के पुत्र थे। जानकारी के अनुसार, कार उनकी पत्नी राधापति के नाम पर पंजीकृत थी। प्रदीप ने करीब चार महीने पहले ही कार खरीदी थी और उसे टैक्सी के रूप में चलाते थे।
सुबह ग्रामीणों ने दी सूचना
ग्रामीणों के मुताबिक, रात करीब डेढ़ बजे आसपास के गांवों के लोगों ने टायर फटने जैसी आवाज सुनी और आग की रोशनी देखी थी। हालांकि, रात में घटना की पूरी जानकारी नहीं मिल सकी। सुबह करीब 5:15 बजे ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो कार पूरी तरह जल चुकी थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल टीम घटनास्थल पर पहुंची। कार के अवशेषों की जांच की गई और घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई गई।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
पुलिस के अनुसार, आग किस वजह से लगी और चालक कार से बाहर क्यों नहीं निकल सका, इसकी जांच की जा रही है। वाहन में तकनीकी खराबी, आग लगने की परिस्थितियों और अन्य संभावित कारणों की पड़ताल के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। इस हादसे से इलाके में शोक का माहौल है।







