मुंबई: वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के निकट 11 जुलाई को हुए दर्दनाक नौका हादसे में जान गंवाने वाले 15 भारतीय पर्यटकों के पार्थिव शरीर मंगलवार को मुंबई पहुंचने के बाद उनके-अपने गृह राज्यों के लिए भेजा गया है। अधिकारियों ने कहा कि पार्थिव शरीर वियतनाम एयरलाइंस की उड़ान वीएन-979 से छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लाए गए थे। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उन्हें संबंधित राज्य सरकारों के समन्वय से चेन्नई, हैदराबाद, तिरुवनंतपुरम और कोयंबटूर भेजा गया।
मृतकों के परिजन अंतिम संस्कार के लिए पार्थिव शरीरों के अपने-अपने गृह नगर पहुंचने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास ने पहले बताया था कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद पार्थिव शरीरों को हो ची मिन्ह सिटी से मुंबई लाया गया।
उल्लेखनीय है कि फु क्वोक द्वीप के निकट 11 जुलाई को पर्यटकों को लेकर जा रही नौका में 32 भारतीय पर्यटक और चालक दल के चार वियतनामी सदस्य सवार थे। नौका पलटने से 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि 21 अन्य लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। मृतकों में तमिलनाडु के 10, आंध्र प्रदेश के तीन और केरल के दो पर्यटक शामिल थे।







