हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश): हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दावा किया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आगामी विधानसभा चुनाव में 16 से अधिक सीटें नहीं जीत सकेगी। हमीरपुर नगर निगम के नए परिसर का शिलान्यास करने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा पांच गुटों में बंटी हुई है और इसके नेता आपस में ही लड़ रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “वे एक-दूसरे को जीतने नहीं देंगे।” उन्होंने कहा कि भले ही वर्तमान में भाजपा के पास 28 विधायक हैं, लेकिन अगले विधानसभा चुनाव में वह 16 सीट भी हासिल नहीं कर पाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, “भाजपा विधानसभा चुनाव नहीं जीतने जा रही है। अगर वह भूलवश जीत भी जाती है, तो यह हमीरपुर और पूरे राज्य के लिए दुर्भाग्यपूर्ण होगा। राज्य की जनता उन लोगों को कभी नहीं चुनेगी जो राज्य की संपत्ति को बर्बाद करते हैं।” मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं ने कांग्रेस नेताओं को हिंदू होने का प्रमाण पत्र देने की “दुकान खोल रखी है।” उन्होंने यह भी घोषणा की कि हमीरपुर नगर निगम कार्यालय का निर्माण शिमला नगर निगम कार्यालय की तर्ज पर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शिक्षा निदेशालय के कार्यालय को हमीरपुर स्थानांतरित करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं और शिक्षा उपनिदेशक से इसके लिए उपयुक्त भूमि की पहचान करने को कहा गया है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का नाम लिए बिना मुख्यमंत्री सुक्खू ने एक बार फिर उन पर परोक्ष रूप से निशाना साधा और कहा कि कई भाजपा नेता चिकित्सा महाविद्यालय की स्थापना का श्रेय ले रहे हैं। उन्होंने सवाल किया, “अगर वे चिकित्सा महाविद्यालय को मंजूरी दिलाने के लिए जिम्मेदार थे, तो इसका नाम कांग्रेस नेता डॉ. राधाकृष्णन के नाम पर क्यों रखा गया? भाजपा ने इस महाविद्यालय का नाम अपने किसी नेता के नाम पर क्यों नहीं रखा?” उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को पिछले 20 वर्षों का अपना लेखा-जोखा प्रस्तुत करना चाहिए और बताना चाहिए कि उन्होंने हमीरपुर तथा हिमाचल प्रदेश के लिए क्या किया है। उन्होंने आगे कहा कि चिकित्सा महाविद्यालय को अगले एक से डेढ़ महीने के भीतर जोल-सप्पड़ में निर्माणाधीन परिसर में स्थानांतरित कर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर मंडी जिले के बल्ह में हवाई अड्डे का निर्माण कराने में विफल रहे और अब वे “दोहरे इंजन की सरकार” के नारे का सहारा लेकर विकास के दावे कर रहे हैं। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि किन्नौर को छोड़कर, राज्य में अन्य जगहों पर अब तक बारिश के कारण कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी किन्नौर की स्थिति पर पैनी नजर रख रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार छोटे भूखंडों पर काबिज भूमिहीन परिवारों को उनकी आजीविका चलाने में मदद करने के लिए पट्टे के आधार पर भूमि आवंटित करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य मंत्रिमंडल ने पिछले महीने अपनी बैठक में सरकारी भूमि पर कुछ अतिक्रमणों को नियमित करने के लिए एक नीति बनाने का भी निर्णय लिया था।







