बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के उत्तरी क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी में बदलाव हुआ है। एलायंस एयर ने बिलासपुर-अंबिकापुर-कोलकाता कनेक्टिंग सेवा को बंद कर अब कोलकाता-बिलासपुर-कोलकाता के बीच सीधी उड़ान संचालित करने का फैसला किया है। अंबिकापुर से पर्याप्त यात्री नहीं मिलने के कारण यह स्टॉप हटाया गया है। हालांकि बिलासपुर और कोलकाता के बीच हवाई सेवा जारी रहेगी।
एलायंस एयर ने समर शेड्यूल के तहत 2 अप्रैल से बिलासपुर-कोलकाता उड़ान को अंबिकापुर से जोड़ा था। गुरुवार और शनिवार को विमान कोलकाता से बिलासपुर आने के बाद अंबिकापुर जाता था और वहां से वापस कोलकाता के लिए उड़ान भरता था। हालांकि दरिमा एयरपोर्ट से अपेक्षित यात्री संख्या नहीं मिलने के कारण कंपनी ने अंबिकापुर स्टॉप को समाप्त कर दिया।
शुरुआती उड़ान में अंबिकापुर से कोलकाता जाने वाले यात्रियों की संख्या बेहद कम रही थी। इसके बाद भी कई सप्ताह तक यात्री संख्या में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। अब अंबिकापुर स्टॉप हटने से बिलासपुर-कोलकाता के बीच यात्रा का समय भी कम होगा। यह उड़ान निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गुरुवार और शनिवार को संचालित होगी।
फ्लाई 91 से नई उड़ानों की उम्मीद
दूसरी ओर क्षेत्रीय विमानन कंपनी फ्लाई 91 के बेड़े के विस्तार की योजना से बिलासपुर के लिए नई हवाई सेवाओं की उम्मीद बढ़ी है। कंपनी ने करीब एक अरब डॉलर की लागत से 40 नए एटीआर-72-600 विमानों का ऑर्डर दिया है। वर्तमान में कंपनी के बेड़े में छह विमान हैं और अगले पांच वर्षों में इसे 60 से अधिक विमानों तक पहुंचाने का लक्ष्य है।
नए विमानों की डिलीवरी 2027 के अंत से शुरू होकर 2032 तक होने की संभावना है। मार्च 2024 में परिचालन शुरू करने वाली फ्लाई 91 का प्रमुख बेस गोवा और हैदराबाद में है। कंपनी के संस्थापक एवं सीईओ मनोज चाको हैं।
फ्लाई 91 पहले ही बिलासपुर से हवाई सेवा शुरू करने में रुचि जता चुकी है। हैदराबाद में कंपनी का बेस होने के कारण हैदराबाद-बिलासपुर-हैदराबाद रूट पर उड़ान शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। इससे पहले इस रूट पर एलायंस एयर की ओर से ट्रायल उड़ान संचालित की गई थी, जिसे यात्रियों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी।
हवाई सेवाओं के विस्तार की मांग जारी
बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों में हवाई सेवाओं की मांग लगातार बनी हुई है। रविवार को बिलासपुर से दिल्ली जाने वाली उड़ान पूरी तरह हाउसफुल रही। इसे क्षेत्र से दिल्ली समेत अन्य प्रमुख महानगरों के लिए बढ़ती हवाई यात्रा मांग के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
बिलासपुर में हवाई सुविधाओं के विस्तार और नई उड़ानों की मांग को लेकर हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति का अखंड महाधरना भी जारी है। समिति से जुड़े सदस्यों का कहना है कि क्षेत्र की बढ़ती यात्री जरूरतों को देखते हुए बिलासपुर से देश के प्रमुख शहरों के लिए और अधिक सीधी उड़ानें शुरू की जानी चाहिए।








