आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में पुलिस ने अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग मुठभेड़ों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों घटनाओं में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी घायल हो गए। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, अवैध तमंचे, कारतूस, गोकशी में प्रयुक्त उपकरण तथा 23.700 किलोग्राम प्रतिबंधित गोवंशीय मांस बरामद किया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) मधुबन कुमार सिंह ने मंगलवार को बताया कि पहली कार्रवाई कोतवाली क्षेत्र में 13 जुलाई की देर रात बाग लखराव पुलिया के पास की गई। पुलिस टीम को देखकर अंतरजनपदीय चोर-ठग गिरोह के दो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में राजेश यादव के पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथी विजय यादव को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा, कारतूस तथा जिला अस्पताल परिसर से चोरी की गई स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई। राजेश यादव के विरुद्ध गाजीपुर, मऊ, मिर्जापुर और आजमगढ़ जिलों में चोरी, ठगी, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत 17 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
दूसरी मुठभेड़ सरायमीर थाना क्षेत्र के खासडीह-बरईपुर बड़ी नहर के पास हुई। क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरणपाल सिंह ने बताया कि डायल-112 पर गोकशी की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस टीम पर मेराज उर्फ साजिद खान ने फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मेराज के पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथी गालिब और शहजाद को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरोह का एक अन्य सदस्य अरहम मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक अवैध तमंचा, कारतूस, चार चाकू, दो चापड़, लकड़ी का ठीहा तथा 23.700 किलोग्राम गोवंशीय मांस बरामद किया। पशु चिकित्साधिकारी ने प्रथम दृष्टया बरामद मांस को प्रतिबंधित गोवंशीय पशु का मांस बताया है। पुलिस ने दोनों मामलों में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में अपराध, अवैध हथियारों और संगठित अपराध के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।







