
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में खमतराई क्षेत्र स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर शनिवार सुबह एक युवक ने चलती ट्रेन के सामने छलांग लगाकर कथित रूप से आत्महत्या का प्रयास किया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके कारण कुछ समय के लिए रेल परिचालन भी प्रभावित रहा।
पुलिस के अनुसार, आरा से दुर्ग जा रही साउथ बिहार एक्सप्रेस जब शनिवार सुबह रायपुर स्थित श्रीनगर रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंची, तभी एक युवक ने कथित तौर पर ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। ट्रेन की चपेट में आने से उसके सिर तथा शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद लोको पायलट ने तत्काल ट्रेन रोक दी। इससे इस रेलखंड पर लगभग 15 मिनट तक ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर खमतराई पुलिस तथा रेलवे के अधिकारी मौके के लिए रवाना हुए।
स्थानीय लोगों ने घायल युवक को रेलवे ट्रैक से हटाकर उपचार के लिए अस्पताल भेजने की व्यवस्था की। समाचार लिखे जाने तक युवक की पहचान नहीं हो सकी थी। साथ ही, उसने ट्रेन के सामने छलांग क्यों लगाई, इसका कारण भी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।






