प्रयागराज। उमेश पाल हत्याकांड में वांछित और अतीक अहमद गैंग के शूटर अरमान को उत्तर प्रदेश पुलिस ने बिहार की गया सेंट्रल जेल में खोज निकाला है। पुलिस पिछले करीब तीन वर्षों से उसकी तलाश कर रही थी। अरमान पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित है। वह मूल रूप से गया जिले का रहने वाला बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, उमेश पाल हत्याकांड के बाद अरमान फरार होकर गया पहुंच गया था। वहां एक दुकानदार पर फायरिंग के मामले में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। इसी मामले में उसने अदालत में आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद उसे गया सेंट्रल जेल भेज दिया गया। इसी दौरान वह उत्तर प्रदेश पुलिस की पकड़ से बाहर रहा।
अरमान के गया जेल में बंद होने की जानकारी मिलने के बाद प्रयागराज के धूमनगंज थाने की पुलिस जेल पहुंची और उसकी पहचान की प्रक्रिया पूरी की। पुलिस टीम ने जेल में अरमान की तस्वीर खींची और उसके अंगूठे के निशान भी लिए। आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस वापस प्रयागराज लौट आई।
उत्तर प्रदेश पुलिस ने अरमान को प्रयागराज लाने के लिए गया की अदालत में ट्रांजिट रिमांड की अर्जी दाखिल की है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे पुलिस कस्टडी में प्रयागराज लाया जाएगा। एडिशनल पुलिस कमिश्नर कानून-व्यवस्था डॉ. अजय पाल शर्मा ने बताया कि अरमान का ट्रांजिट रिमांड तैयार कराया गया है और उसे प्रयागराज लाने की प्रक्रिया जारी है।
उमेश पाल और उनके दो सरकारी गनरों की दिनदहाड़े हत्या के मामले में अरमान की भूमिका पुलिस जांच में सामने आई थी। पुलिस के अनुसार, घटना के सीसीटीवी फुटेज में अरमान बाइक चलाते हुए दिखाई दिया था और उसके पीछे गुड्डू मुस्लिम बैठा था। आरोप है कि घटनास्थल पर पहुंचने के बाद गुड्डू मुस्लिम ने गोलीबारी की और अरमान ने भी फायरिंग की।
हत्याकांड के बाद दोनों मौके से फरार हो गए थे। अरमान के प्रयागराज लाए जाने की खबर के बाद उसके परिवार ने पुलिस कार्रवाई को लेकर आशंका जताई है। उसके माता-पिता ने बेटे के एनकाउंटर की आशंका व्यक्त की है। पुलिस की ओर से कहा गया है कि आगे की कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के तहत की जाएगी।







