
मुरैना: मध्यप्रदेश के मुरैना जिले की स्टेशन रोड थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के दो अलग-अलग मामलों में पिछले तीन वर्षों से फरार चल रहे दस हजार रुपए के इनामी आरोपी को ग्वालियर से गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि मुखबिर की सूचना पर 30 जून को स्टेशन रोड थाना पुलिस ने आरोपी मुकेश रजन, निवासी ग्राम खेड़ा मेवदा, हाल बगियापुरा मैनाबसई, थाना सुमावली को ग्वालियर के यूनिवर्सिटी रोड क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने स्टेशन रोड थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास की वारदात को अंजाम देने के साथ ही उसी दिन कोतवाली थाना क्षेत्र में भी फायरिंग कर हत्या के प्रयास की दूसरी घटना को अंजाम दिया था। दोनों मामलों में वह पिछले तीन वर्षों से फरार चल रहा था। कोतवाली थाना के प्रकरण में उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक मुरैना ने दस हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।






