नई दिल्ली/अमरावती, ।महाराष्ट्र के अमरावती जिले से एक गंभीर आपराधिक मामला सामने आया है, जिसमें एक 19 वर्षीय युवक पर नाबालिग लड़कियों को झांसे में लेकर उनका शोषण करने और वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने का आरोप है। पुलिस ने मुख्य आरोपी अयान अहमद तनवीर अहमद को गिरफ्तार कर लिया है और उसे 21 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। यह मामला अमरावती के परतवाड़ा और अचलपुर क्षेत्रों से जुड़ा है, जहां घटना सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश व्याप्त है। पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर कई आपत्तिजनक वीडियो वायरल हुए हैं, जिनमें नाबालिग लड़कियों को जबरन शामिल किए जाने की आशंका है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले लड़कियों से दोस्ती करता था, फिर उन्हें रिश्ते का झांसा देकर उनका शोषण करता और बिना सहमति के वीडियो रिकॉर्ड करता था। बाद में इन्हीं वीडियो के जरिए उन्हें डराकर ब्लैकमेल किया जाता था। पुलिस को शक है कि इस पूरे मामले में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। इस मामले में पुलिस ने एक अन्य आरोपी उजेर खान इकबाल खान को भी गिरफ्तार किया है।
उस पर आरोप है कि उसने मुख्य आरोपी के मोबाइल से वीडियो डाउनलोड कर उन्हें सोशल मीडिया पर फैलाया। पुलिस के अनुसार, बड़ी संख्या में वीडियो शेयर किए गए, जिससे मामला और गंभीर हो गया। पुलिस का कहना है कि अब तक कुछ पीड़ितों की पहचान हो पाई है, जबकि स्थानीय स्तर पर प्रभावित लड़कियों की संख्या अधिक होने की आशंका जताई जा रही है। अमरावती ग्रामीण पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद सिंगुरी के अनुसार, सभी संभावित पीड़ितों की पहचान और साक्ष्य जुटाने का काम जारी है। फॉरेंसिक टीम डिलीट किए गए डेटा को भी रिकवर कर रही है। पुलिस ने महिला अधिकारियों के माध्यम से विशेष हेल्पलाइन शुरू की है, ताकि पीड़ित सुरक्षित तरीके से अपनी शिकायत दर्ज करा सकें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पीड़ितों की पहचान उजागर करना कानूनन अपराध है। घटना के बाद क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन भी हुए हैं और कुछ संगठनों ने बंद का आह्वान किया है। मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है, हालांकि संबंधित दल ने आरोपी से किसी भी तरह के संबंध से इनकार किया है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस मामले में और कितने लोग शामिल हैं।







