Lured under the pretext of a booking; attempt to gang-rape two sisters foiled.

पटना: पटना के नौबतपुर थाना क्षेत्र से दो सगी बहनों के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िताओं का आरोप है कि उन्हें तिलक समारोह में नृत्य प्रस्तुति के लिए बुलाया गया था, लेकिन कार्यक्रम स्थल पर ले जाने के बजाय कुछ युवकों ने उन्हें बंधक बना लिया और पूरी रात उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया। पुलिस ने मामले में 10 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, दोनों युवतियां मूल रूप से झारखंड के लातेहार जिले की रहने वाली हैं। वे वर्तमान में पटना के मीठापुर इलाके में किराये के मकान में रहकर विभिन्न समारोहों में नृत्य कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपना जीवनयापन करती हैं। पीड़िताओं ने अपने आवेदन में बताया है कि 18 जून को नौबतपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में आयोजित तिलक समारोह में प्रस्तुति देने के लिए उन्हें बुलाया गया था।

कार्यक्रम की बुकिंग भेलुरा रामपुर निवासी मुन्ना कुमार ने कराई थी। पीड़िताओं का आरोप है कि कार्यक्रम स्थल पर पहुंचाने के बजाय मुन्ना कुमार, उसका चचेरा भाई सूरज कुमार, भानु कुमार और अन्य युवकों ने उन्हें जबरन अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद दोनों बहनों को अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। युवतियों का कहना है कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी देकर चुप रहने के लिए मजबूर किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरी रात उन्हें भय और दबाव में रखा गया। पीड़िताओं के अनुसार, शुक्रवार सुबह आरोपी उन्हें वाहन से वापस छोड़ने के लिए निकले। इसी दौरान फुलवारीशरीफ क्षेत्र में पहुंचने पर दोनों ने मौका देखकर शोर मचाना शुरू कर दिया। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और डायल-112 पुलिस को सूचना दी।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA

सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों युवतियों को सुरक्षित अपने संरक्षण में लेकर फुलवारीशरीफ थाने पहुंची। बाद में नौबतपुर पुलिस को मामले की जानकारी दी गई, जिसके बाद दोनों पीड़िताओं को नौबतपुर थाना ले जाया गया। नौबतपुर थानाध्यक्ष मंजीत कुमार ठाकुर ने बताया कि पीड़िताओं के आवेदन के आधार पर मुन्ना कुमार, सूरज कुमार और भानु कुमार समेत कुल 10 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।