Labourer dies after falling into sewer in Rohini due to negligence

नयी दिल्ली: रोहिणी सेक्टर-32 में खुले सीवर मैनहोल ने एक और मजदूर की जान ले ली। बेगमपुर इलाके में महाशक्ति काली मंदिर के पास सोमवार शाम बिरजू कुमार राय (मूल निवासी समस्तीपुर, बिहार) की सीवर में गिरने से मौत हो गई। बिरजू अपने एक दोस्त के साथ टहलते हुए घर लौट रहा था, तभी वह खुले मैनहोल में गिर गया। आगे चल रहे उसके साथी को घटना का तुरंत पता नहीं चला। मामला मंगलवार को सामने आया, जिसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड ने करीब तीन घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर शव बाहर निकाला।

पुलिस के अनुसार, दोनों मजदूरी करते थे और सोमवार रात करीब 9 बजे पैदल जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संबंधित सीवर दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) के अधिकार क्षेत्र में आता है और उसका ढक्कन खुला छोड़ा गया था। सूचना मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे मिली, जिसके बाद कार्रवाई शुरू की गई। लापरवाही के आरोप में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA

घटना के बाद प्रशासन ने मैनहोल को ढक दिया और आसपास पत्थर रखकर अस्थायी सुरक्षा इंतजाम किए। स्थानीय लोगों में इस हादसे को लेकर रोष है, क्योंकि कुछ ही दिनों पहले रोहिणी में खुले मैनहोल के कारण एक बाइक सवार की भी जान गई थी। लगातार हो रहे ऐसे हादसों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

परिजनों का कहना है कि यदि समय पर ढक्कन लगा होता तो यह जान बच सकती थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जिम्मेदारों की पहचान की कोशिश जारी है। स्थानीय निवासियों ने क्षेत्र में खुले मैनहोल की तुरंत जांच और स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे दोबारा न हों।