नयी दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने महिला कांग्रेस के स्थापना दिवस पर पार्टी की सभी महिला कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं के अधिकार, समानता और सम्मान की आवाज को मजबूती से उठाया है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर आधुनिक भारत के निर्माण तक देश की महिलाओं का योगदान अतुलनीय रहा है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि महिला कांग्रेस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है कि वह सड़क से संसद तक महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, समान अवसर और अधिकारों के लिए मजबूती से आवाज उठाती रहे।
उन्होंने महिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से महिलाओं के हितों से जुड़े मुद्दों पर लगातार सक्रिय रहने और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष को मजबूत करने का आह्वान किया।







