रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर के ऐतिहासिक गोल बाजार में 117 वर्षों से चली आ रही गणेशोत्सव की परंपरा में शामिल हुए। उन्होंने भगवान गणेश के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने गोल बाजार स्थित हनुमान मंदिर के समीप श्री बजरंग नवयुवक मित्र मंडल गणेशोत्सव समिति के पंडाल में विराजित भगवान गणेश को मुकुट पहनाया और तिलक लगाकर पूजा की। इसके बाद आरती कर प्रदेश की प्रगति और प्रदेशवासियों के मंगलमय जीवन की कामना की।
साय ने कहा कि भगवान गणेश प्रथम पूज्य, विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता हैं। उन्होंने गणेशोत्सव को आस्था और संस्कृति का महत्वपूर्ण पर्व बताते हुए कहा कि यह समाज को एकजुट करने वाली समृद्ध परंपरा का प्रतीक भी है।
मुख्यमंत्री ने गोल बाजार में 117 वर्षों से लगातार चली आ रही गणेशोत्सव की परंपरा की सराहना की। उन्होंने कहा कि पीढ़ी-दर-पीढ़ी सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत बनाए रखना महत्वपूर्ण है। ऐसी परंपराएं सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने के साथ नई पीढ़ी को संस्कृति और सामाजिक मूल्यों से जोड़ती हैं।
भगवान गणेश के दर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने गोल बाजार स्थित 150 वर्ष से अधिक पुराने हनुमान मंदिर में भी पूजा-अर्चना की। इस दौरान रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल समेत जनप्रतिनिधि, गणेशोत्सव समिति के पदाधिकारी, व्यापारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।







