JDU MLA's bodyguard and constable arrested for liquor smuggling, khaki uniform shamed

गोपालगंज: बिहार में लागू पूर्ण शराबबंदी कानून के बीच गोपालगंज से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिस पुलिस विभाग पर शराबबंदी कानून लागू कराने की जिम्मेदारी है, उसी विभाग के दो सिपाही अवैध शराब तस्करी में पकड़े गए हैं। गोपालपुर थाना पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान 300 लीटर से अधिक विदेशी शराब के साथ दो पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, गोपालपुर थाना क्षेत्र में पुलिस वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध ब्रेजा कार को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान कार से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई।

पुलिस ने मौके से दो युवकों को हिरासत में लिया, जिनकी पहचान राहुल कुमार और अमित कुमार के रूप में हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सामने आने के बाद मामला और भी हाई-प्रोफाइल बन गया। बताया जा रहा है कि अमित कुमार बैकुंठपुर से जेडीयू विधायक मंजीत सिंह का अंगरक्षक था। जांच में खुलासा हुआ कि वह देर रात विधायक आवास की ड्यूटी छोड़कर निजी वाहन से उत्तर प्रदेश शराब की खेप लेने गया था। वहीं, दूसरा आरोपी राहुल कुमार गोपालगंज एसपी की टेक्निकल सेल में तैनात था। दोनों बिहार सीमा में प्रवेश करते ही पुलिस जांच के दौरान पकड़े गए। इस मामले पर विधायक मंजीत सिंह ने कहा कि अमित कुमार की गतिविधियां पिछले कुछ समय से संदिग्ध लग रही थीं।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA

उन्होंने दावा किया कि चार दिन पहले ही विभाग को पत्र लिखकर उसे सुरक्षा ड्यूटी से हटाने की अनुशंसा की गई थी। हालांकि समय रहते कार्रवाई नहीं हो सकी और अब वह शराब तस्करी के आरोप में गिरफ्तार हुआ है। गोपालगंज में पुलिसकर्मियों की शराब तस्करी में संलिप्तता का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले कुचायकोट के तत्कालीन थानाध्यक्ष रितेश कुमार सिंह को भी शराब मामले में दोषी पाए जाने पर बर्खास्त किया जा चुका है। सदर एसडीपीओ प्रांजल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि कानून तोड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह विभाग के अंदर का ही व्यक्ति क्यों न हो।