वाशिंगटन: अमेरिकी सेना की केंद्रीय कमान (सेंटकॉम) ने कहा है कि उसने बुधवार देर रात ईरान के खिलाफ अपने सैन्य हमलों का पांचवां दौर पूरा कर लिया है। सेंटकॉम ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी बयान में कहा कि अमेरिकी बलों ने 15 जुलाई को रात नौ बजे (अमेरिकी पूर्वी समयानुसार) हमलों का यह चरण समाप्त किया।
बयान के अनुसार, अमेरिकी सेना ने ईरान के कमांड एवं नियंत्रण केंद्रों, वायु रक्षा ठिकानों, मिसाइल एवं ड्रोन क्षमताओं तथा तटीय निगरानी प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया, ताकि होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले कारोबारी जहाजों की सुरक्षा को चुनौती देने की ईरान की क्षमता को और कमजोर किया जा सके।
सेंटकॉम ने कहा कि इन हमलों में सटीक मारक क्षमता वाले हथियारों का इस्तेमाल किया गया और बंदर अब्बास समेत कई स्थानों पर लक्ष्यों को निशाना बनाया गया। इससे पहले कल अमेरिकी बलों ने करीब 90 मिनट तक चले अभियान में ग्रेटर तुंब द्वीप पर स्थित तटीय रक्षा और क्रूज़ मिसाइल ठिकानों पर भी हमले किये थे। सेंटकॉम ने कहा, “अमेरिकी सेना, कमांडर-इन-चीफ के निर्देश पर, ईरान को उसकी कार्रवाई के लिए जवाबदेह ठहरा रही है।”
उल्लेखनीय है कि होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। पाकिस्तान की मध्यस्थता में संघर्ष समाप्त करने के लिए एक रूपरेखा समझौता होने के बावजूद दोनों देशों के बीच हमले जारी हैं। अमेरिका ईरान में सैन्य कार्रवाई कर रहा है, जबकि ईरान भी खाड़ी क्षेत्र में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर जवाबी हमले कर रहा है।







