रूस में 59 फीसदी परिवार पालते हैं बिल्ली, 28 लाख आवारा बिल्लियां
59% of households in Russia own a cat; there are 2.8 million stray cats.

मॉस्को। रूस में बिल्लियों को पालने का चलन दुनिया के अन्य देशों की तुलना में सबसे अधिक है। एक हालिया अध्ययन के अनुसार रूस के करीब 59 प्रतिशत परिवारों के पास कम से कम एक पालतू बिल्ली है। इसके साथ ही देश में बड़ी संख्या में आवारा बिल्लियां भी मौजूद हैं। अनुमान के मुताबिक रूस की सड़कों पर करीब 28 लाख आवारा बिल्लियां रह रही हैं।

‘सीसिया स्टेट्स’ के 2024-2026 के अध्ययन में पालतू बिल्लियां रखने वाले परिवारों के अनुपात के आधार पर रूस को शीर्ष स्थान पर रखा गया है। यूरोप में रोमानिया करीब 48 प्रतिशत के साथ दूसरे, पोलैंड 41 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर है। इसके बाद लातविया में 37 प्रतिशत और हंगरी में 35 प्रतिशत परिवारों के पास बिल्लियां हैं। इंडोनेशिया, फिलीपींस, थाईलैंड, न्यूजीलैंड और अमेरिका भी बिल्लियां पालने के मामले में शीर्ष देशों में शामिल हैं।

GNSU Admission Open 2026

रूस में बिल्लियों की लोकप्रियता से संबंधित आंकड़ों की पुष्टि एक अन्य अध्ययन से भी होती है। इन्गोस्स्त्राख और फाइनेंशियल यूनिवर्सिटी के अध्ययन में करीब 58.8 प्रतिशत रूसी उत्तरदाताओं ने खुद को बिल्ली पालने वाला बताया था।

वहीं, रूस में आवारा पशुओं की स्थिति को लेकर अलग अध्ययन में करीब 36 लाख आवारा पशुओं का अनुमान लगाया गया है। इनमें लगभग 28 लाख बिल्लियां और आठ लाख कुत्ते शामिल हैं। अध्ययन के मुताबिक करीब 1.70 लाख पशु आश्रय गृहों में रह रहे थे, जबकि बड़ी संख्या में पशु सड़कों पर रहने को मजबूर हैं।

शोधकर्ताओं के अनुसार आवारा बिल्लियों और कुत्तों में से 98 प्रतिशत तक कभी घरेलू पालतू पशु रहे होंगे और बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। पशु कल्याण संगठनों ने पालतू पशुओं को छोड़े जाने के मामलों में वृद्धि की भी जानकारी दी है।

रूस में करीब 819 पशु आश्रय गृह हैं, जिनमें अधिकांश निजी तौर पर संचालित होते हैं। इनके अलावा बड़ी संख्या में पशु कल्याण संगठन और स्वयंसेवक भी काम कर रहे हैं। हालांकि, ये संस्थाएं अनुमानित आवारा पशु आबादी के एक छोटे हिस्से की ही देखभाल कर पाती हैं।