गाजियाबाद में भीषण आग का कहर: 500 झुग्गियां जलीं, सिलिंडर धमाकों से दहशत, छह बच्चे लापता

गाजियाबाद। गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र स्थित कनवानी गांव में गुरुवार दोपहर भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने देखते ही देखते 500 से अधिक झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे सैकड़ों परिवार बेघर हो गए। घटना दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है, जब अचानक उठीं आग की लपटें तेजी से फैलती चली गईं। आग इतनी भयावह थी कि दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई दे रहा था। इस दौरान झुग्गियों में रखे रसोई गैस सिलिंडर एक-एक कर फटने लगे, जिससे तेज धमाकों ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सिलिंडर विस्फोटों के कारण आग और तेजी से फैल गई, जिससे हालात और गंभीर हो गए। घटना के बाद स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने के लिए एक दर्जन से अधिक दमकल गाड़ियां लगाई गईं और कई घंटों तक राहत एवं बचाव कार्य जारी रहा। प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर डटे रहे और हालात पर नजर बनाए रखी। इस हादसे में करीब छह बच्चों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि प्रशासन की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। राहत टीमों द्वारा मलबे में तलाश अभियान चलाया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग की शुरुआत संभवतः किसी कबाड़ के गोदाम से हुई, जो बाद में तेजी से झुग्गियों में फैल गई। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। इस भीषण अग्निकांड ने सैकड़ों परिवारों का आशियाना छीन लिया है। प्रभावित लोग खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है और पीड़ितों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA