लोहरदगा में फुलकुंदी का आयोजन, नंगे पांव अंगारों पर चलकर भक्तों ने दिखाई अटूट आस्था

लोहरदगा: झारखंड के लोहरदगा जिले के किस्को प्रखंड अंतर्गत पाखर पंचायत के तिसिया गांव में चार दिवसीय शिव मंडा पूजा के दौरान फुलकुंदी अनुष्ठान का भव्य आयोजन किया गया। गुरुवार और शुक्रवार की मध्य रात्रि करीब 2 बजे आयोजित इस विशेष धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धालुओं ने दहकते अंगारों पर नंगे पांव चलकर भगवान शिव के प्रति अपनी गहरी आस्था प्रकट की। मंडा पूजा की शुरुआत विधि-विधान के साथ हुई, जिसमें मुख्य पुरोहित उत्तम पाठक और उज्ज्वल पाठक ने पूजा-अर्चना कराई। आयोजन समिति के तत्वावधान में मंगलवार को मंदिर से भगवान शिव, माता पार्वती और नंदी की प्रतिमाओं को पूजा स्थल पर लाकर स्थापित किया गया। इसके बाद लगातार चार दिनों तक धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-पाठ का क्रम जारी रहा। फुलकुंदी इस पूजा का प्रमुख आकर्षण रहा, जिसमें श्रद्धालुओं ने निर्जला उपवास रखकर भगवान शिव की आराधना की। आधी रात को ढोल-नगाड़ों और “हर-हर महादेव” के जयघोष के बीच एक-एक कर भक्त जलते अंगारों पर चलते हुए नजर आए। यह दृश्य पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना गया और श्रद्धा व विश्वास की अनूठी मिसाल पेश की गई। इस अद्भुत आयोजन को देखने के लिए आसपास के गांवों समेत दूर-दराज से भी हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव, जिला परिषद सदस्य संदीप गुप्ता और थाना प्रभारी मानस कुमार साधु सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है और हर साल श्रद्धा और उत्साह के साथ इसका आयोजन किया जाता है, जिसमें क्षेत्र के लोग बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA