Four notorious thieves, including a history-sheeter, arrested after a police encounter in Amethi.

अमेठी: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में पुलिस ने ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत कार्रवाई करते हुए 16 मुकदमों के हिस्ट्रीशीटर समेत चार सदस्यीय शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरोह के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, चोरी की भैंस की बिक्री से प्राप्त नकदी, फर्जी नंबर प्लेट लगी पिकअप तथा चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए हैं।


क्षेत्राधिकारी (सीओ) गौरीगंज अखिलेश वर्मा ने मंगलवार को बताया कि ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत 21 जुलाई को गौरीगंज पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति पिकअप वाहन से रोहसी खुर्द-टीवी टावर मार्ग पर रेकी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहन को घेरने का प्रयास किया।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA


उन्होंने बताया कि पुलिस को देखकर वाहन सवार भागने लगे। घेराबंदी के दौरान एक बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया, जबकि उसके तीन साथियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी की पहचान अख्तर हुसैन उर्फ राजू पुत्र शौकत अली निवासी संपतपुर, थाना गौरीगंज के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस (.315 बोर) तथा 9,000 रुपये बरामद किए गए। अन्य गिरफ्तार आरोपियों में दद्दन प्रसाद वर्मा निवासी थाना जामो, मोहम्मद रईस उर्फ बब्लू निवासी थाना जामो तथा तेजबहादुर निवासी थाना जामो शामिल हैं। इनके कब्जे से क्रमशः 7,700 रुपये, 8,000 रुपये और 7,500 रुपये बरामद हुए।


पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से बरामद पिकअप वाहन की नंबर प्लेट फर्जी पाई गई। वाहन की तलाशी में रस्से, टॉर्च, चाकू, पेचकस, प्लायर तथा चोरी में प्रयुक्त अन्य उपकरण भी बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे भैंसों, पंचायत भवनों में लगे सोलर पैनलों तथा अन्य सामान की चोरी कर उन्हें बेच देते थे। उन्होंने करीब 12 दिन पहले लोनियन का पुरवा गांव से एक भैंस और एक पड़वा चोरी कर 60 हजार रुपये में बेचने की बात स्वीकार की। बरामद नकदी उसी बिक्री से बची हुई राशि बताई गई है। आरोपियों ने बासूपुर और अत्तानगर पंचायत भवनों से सोलर पैनल चोरी करने की घटनाओं में भी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार गिरोह रोहसी खुर्द गांव में एक और भैंस चोरी करने की योजना से जा रहा था।


मुठभेड़ में घायल अख्तर हुसैन को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। चारों आरोपियों के विरुद्ध थाना गौरीगंज में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार अख्तर हुसैन उर्फ राजू के विरुद्ध अमेठी जिले में मारपीट, चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कुल 16 मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी तेजबहादुर के विरुद्ध अमेठी और सुलतानपुर में छह तथा मोहम्मद रईस उर्फ बब्लू के विरुद्ध अमेठी में दो आपराधिक मामले दर्ज हैं।