फूड रेसिपी। दुर्गा पूजा के दौरान घर में मेहमानों का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में लंच या डिनर के लिए कोई ऐसी सब्जी चाहिए जो स्वादिष्ट होने के साथ आसानी से तैयार भी हो जाए। पनीर मसाला एक बेहतरीन विकल्प है। मुलायम पनीर, टमाटर की मसालेदार ग्रेवी और हल्के सुगंधित मसालों से तैयार यह सब्जी रोटी, नान, पराठे या चावल के साथ स्वादिष्ट लगती है।
सामग्री
- पनीर – 250 ग्राम
- प्याज – 2 बारीक कटे हुए
- टमाटर – 3 बारीक कटे हुए
- अदरक-लहसुन का पेस्ट – 1 छोटा चम्मच
- हरी मिर्च – 1
- जीरा – आधा छोटा चम्मच
- हल्दी – आधा छोटा चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर – 1 छोटा चम्मच
- धनिया पाउडर – 1 छोटा चम्मच
- गरम मसाला – आधा छोटा चम्मच
- कसूरी मेथी – 1 छोटा चम्मच
- नमक – स्वादानुसार
- तेल या घी – 2 बड़े चम्मच
- ताजा क्रीम – 2 बड़े चम्मच, वैकल्पिक
- हरा धनिया – सजाने के लिए
बनाने की विधि
सबसे पहले पनीर को मध्यम आकार के टुकड़ों में काट लें। अगर आप पनीर को हल्का सुनहरा पसंद करते हैं तो इसे थोड़े तेल में हल्का फ्राई करके अलग रख सकते हैं।
अब कड़ाही में तेल गर्म करें। इसमें जीरा डालकर तड़कने दें। इसके बाद बारीक कटा प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें। अदरक-लहसुन का पेस्ट और हरी मिर्च डालकर कुछ मिनट पकाएं।
अब इसमें कटे हुए टमाटर डालें और तब तक पकाएं जब तक टमाटर अच्छी तरह नरम होकर तेल छोड़ने न लगें। इसके बाद हल्दी, लाल मिर्च और धनिया पाउडर डालकर मसाले को अच्छी तरह भूनें।
मसाला तैयार होने पर थोड़ा पानी डालकर ग्रेवी की मनचाही गाढ़ापन तैयार करें। इसमें पनीर के टुकड़े डालकर धीमी आंच पर कुछ मिनट पकाएं। अब गरम मसाला और कसूरी मेथी डालें। स्वाद को और मलाईदार बनाने के लिए इसमें ताजा क्रीम भी मिला सकते हैं।
गैस बंद करने के बाद ऊपर से हरा धनिया डालें। गरमा-गरम पनीर मसाला को रोटी, नान, पराठे या जीरा राइस के साथ परोसें। दुर्गा पूजा के दौरान परिवार और मेहमानों के लिए यह स्वादिष्ट लंच या डिनर विकल्प बन सकता है।







