Home मनोरंजन पंजाबी सिंगर दिलप्रीत ढिल्लों पर मारपीट और धमकी देने का केस दर्ज,...

पंजाबी सिंगर दिलप्रीत ढिल्लों पर मारपीट और धमकी देने का केस दर्ज, गंभीर आरोपों से घिरे

22
0
Punjabi singer Dilpreet Dhillon faces serious charges of assault and intimidation

मोहाली: पंजाब में मोहाली के मटौर थाना पुलिस ने पंजाबी गायक दिलप्रीत सिंह ढिल्लों के खिलाफ मारपीट, जबरन बंधक बनाने आपराधिक धमकी देने और हथियार दिखाकर डराने के आरोप में मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई सेक्टर-70 स्थित मेलोडी हाउस म्यूजिक कंपनी के संचालक रेअमंत मरवाहा की शिकायत पर की गई है। शिकायतकर्ता के अनुसार, करीब पांच-छह महीने पहले दिलप्रीत ढिल्लों ने टी-सीरीज के साथ गानों की रिकॉर्डिंग की डील कराने के लिए उनसे संपर्क किया था। उन्होंने टी-सीरीज के अधिकारियों से बातचीत भी करवाई लेकिन किसी कारणवश यह डील नहीं हो सकी। आरोप है कि इसी बात को लेकर गायक उनसे नाराज चल रहा था।


रेअमंत मरवाहा ने पुलिस को बताया कि 22 जुलाई की रात वह सेक्टर-70 स्थित एक फ्लैट में अपने दोस्तों के साथ मौजूद थे। इसी दौरान दिलप्रीत ढिल्लों वहां पहुंचा और कथित तौर पर बहस शुरू कर दी। शिकायत के मुताबिक, गायक ने कहा कि उसकी किसी बड़ी म्यूजिक कंपनी के साथ डील करवाई जाए, क्योंकि उसे अपनी पत्नी को एक से दो करोड़ रुपये की लग्जरी कार खरीदकर देनी है। जब शिकायतकर्ता ने असमर्थता जताई तो आरोपी ने कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की, पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और कुछ समय तक उन्हें वहां से जाने नहीं दिया।

GNSU Admission Open 2026


पुलिस ने शिकायत के आधार पर दिलप्रीत सिंह ढिल्लों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 115(2), 126(2), 351(2) तथा शस्त्र अधिनियम की धाराओं 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया है। मटौर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। इस बीच, मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर एक थार गाड़ी पर हमला करते हुए उस पर कोई वस्तु फेंकते हुए देखा जा सकता है। सूत्रों के हवाले से इस वीडियो को इसी घटना से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, इस वीडियो की आधिकारिक या स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस भी वीडियो की सत्यता और उसके घटना से संबंध की जांच कर रही है।