
मुंबई। फिल्म ‘तुम मेरे हो’ का पहला गाना ‘तुम्हें भी हमसे’ रिलीज हो गया है। विशाल मिश्रा की आवाज में सजे इस रोमांटिक गीत में अभिनेता गुरमीत चौधरी और अभिनेत्री ईशा मालवीय नजर आ रहे हैं। गाना दोनों किरदारों के बीच पनपते प्यार, चाहत और भावनाओं को खूबसूरती से पेश करता है। यह गुरमीत चौधरी और ईशा मालवीय की पहली ऑन-स्क्रीन जोड़ी है।
‘तुम्हें भी हमसे’ को मिथुन ने संगीतबद्ध किया है और इसके बोल भी उन्होंने ही लिखे हैं। विशाल मिश्रा की भावपूर्ण आवाज और मिथुन के मधुर संगीत ने गीत को रोमांटिक और भावनात्मक रंग दिया है। वहीं, गुरमीत और ईशा की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री गाने के भावनात्मक पक्ष को और प्रभावशाली बनाती है।
गाने को लेकर गायक विशाल मिश्रा ने कहा कि ‘तुम्हें भी हमसे’ ऐसा गीत है, जो सुनने के बाद लंबे समय तक श्रोताओं के साथ बना रहता है। इसमें कई तरह के जज्बात समाहित हैं। उन्होंने मिथुन के साथ इस गीत पर काम करने के अनुभव को खूबसूरत बताया।
अभिनेता गुरमीत चौधरी ने कहा कि यह गीत फिल्म की कहानी के भावुक पहलू को सामने लाता है। ईशा मालवीय के साथ इसकी शूटिंग करना उनके लिए अच्छा अनुभव रहा। उन्होंने मिथुन के संगीत और विशाल मिश्रा की आवाज से सजे इस गीत का हिस्सा बनने को खास अनुभव बताया।
वहीं, ईशा मालवीय ने कहा कि ‘तुम्हें भी हमसे’ में खूबसूरत और भावुक एहसास हैं। गुरमीत चौधरी के साथ गाने की शूटिंग उनके लिए खास रही। उन्होंने कहा कि विशाल मिश्रा की आवाज गीत की भावनाओं को प्रभावी ढंग से सामने लाती है।
‘तुम्हें भी हमसे’ गाना सारेगामा म्यूजिक पर स्ट्रीम हो रहा है। फिल्म ‘तुम मेरे हो’ 23 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।






