अनुराधा पौडवाल: भजन और सुरीले गीतों से बनाई खास पहचान
Anuradha Paudwal: Carved a distinct identity through devotional songs and melodious tracks

मुंबई। भारतीय संगीत जगत में अपनी मधुर आवाज और सुरीले गीतों के लिए खास पहचान बनाने वाली अनुराधा पौडवाल ने पार्श्वगायन की दुनिया में उल्लेखनीय योगदान दिया है। हिंदी फिल्मों के रोमांटिक गीतों से लेकर भक्ति संगीत तक, उन्होंने अपनी गायकी से करोड़ों श्रोताओं के दिलों में जगह बनाई है। उनका संगीत सफर संघर्ष, मेहनत और कामयाबी की प्रेरक मिसाल है।

फिल्म ‘अभिमान’ से शुरू हुआ सफर

अनुराधा पौडवाल का जन्म कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले के करवार में हुआ था। उन्होंने मुंबई के सेंट जेवियर्स कॉलेज से पढ़ाई की। बचपन से ही संगीत के प्रति लगाव रखने वाली अनुराधा ने गायिका बनने का सपना देखा और इसे पूरा करने के लिए फिल्म जगत का रुख किया।

GNSU Admission Open 2026

उन्होंने फिल्म ‘अभिमान’ से अपने पार्श्वगायन करियर की शुरुआत की। इस फिल्म में उन्हें संगीतकार सचिन देव बर्मन के निर्देशन में संस्कृत श्लोक गाने का अवसर मिला। इसके बाद उन्होंने मराठी फिल्मों में भी अपनी आवाज का जादू बिखेरा। शुरुआती वर्षों में उन्हें काफी संघर्ष करना पड़ा, लेकिन उन्होंने लगातार मेहनत जारी रखी।

‘आशिकी’ ने दिलाई जबरदस्त लोकप्रियता

अनुराधा पौडवाल के करियर में फिल्म ‘हीरो’ के गीतों ने अहम भूमिका निभाई। इसके बाद फिल्म ‘उत्सव’ के गीत ‘मेरे मन बजा मृदंग’ ने उनकी प्रतिभा को नई पहचान दी।

हालांकि, फिल्म ‘आशिकी’ की सफलता ने उन्हें लोकप्रियता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचा दिया। इस फिल्म में उनके गाए ‘नजर के सामने’, ‘धीरे-धीरे से मेरी जिंदगी में आना’, ‘अब तेरे बिन जी लेंगे हम’ और ‘सांसों की जरूरत हो जैसे’ जैसे गीत बेहद लोकप्रिय हुए। इन गीतों ने उन्हें हिंदी फिल्म संगीत की प्रमुख आवाजों में शामिल कर दिया।

इसके बाद उन्होंने ‘साजन’, ‘दिल है कि मानता नहीं’, ‘बेटा’, ‘फूल और कांटे’ और ‘सड़क’ जैसी फिल्मों में भी यादगार गीत गाए।

भक्ति संगीत में भी बनाई अलग पहचान

नब्बे के दशक में अनुराधा पौडवाल ने भक्ति संगीत और धार्मिक एलबमों पर विशेष ध्यान देना शुरू किया। टी-सीरीज के साथ उनके भक्ति गीतों ने व्यापक लोकप्रियता हासिल की। उन्होंने हिंदी के अलावा मराठी, गुजराती, कन्नड़, संस्कृत, बंगाली, तमिल, तेलुगु, पंजाबी, भोजपुरी और कई अन्य भाषाओं में भी गीत गाए।

कई प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित

अनुराधा पौडवाल को पार्श्वगायन के लिए चार फिल्मफेयर पुरस्कार मिले हैं। उन्हें मराठी फिल्म ‘कलट नकलट’ के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया। कला के क्षेत्र में योगदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया।

अपने पांच दशक लंबे करियर में अनुराधा पौडवाल ने फिल्मी संगीत और भक्ति गीतों, दोनों क्षेत्रों में अमिट छाप छोड़ी है। उनकी आवाज में गाए गीत आज भी संगीत प्रेमियों के बीच लोकप्रिय हैं।