छत्तीसगढ़ में सरगुजा में अलग-अलग सड़क हादसों में आठ लोगों की मौ/त

सरगुजा। छत्तीसगढ़ में सरगुजा जिला के गांधी नगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक ट्रक ने कार को टक्कर मार दी, जिसके कारण तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। घायल कार चालक सोनू केरकेट्टा का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना ग्राम सकालो के पास जंगल वाले इलाके में हुई है। दुर्घटना के समय कार अंबिकापुर की ओर जा रही थी। वहीं, ट्रक प्रतापपुर से अंबिकापुर की ओर जा रहा था। दुर्घटना सुबह छह बजे हुई। तीन मृतकों में दो लोग पिता पुत्र थे। दुर्घटना में कईला राम (52), उनकी पत्नी मानमति (50) और पुत्र राहुल टोप्पो (25) की मौत हुई है। सभी मृतक ग्राम दुप्पी चौरा रजापुर जिला सरगुजा के निवासी थे। कार चालक सोनू केरकेट्टा भी इसी गांव का रहवासी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इसके पहले जिले में रविवार शाम को मणिपुर थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर एक अन्य सड़क दुर्घटना में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से तीन महिलाओं की मौत हो गई थी। यह हादसा ग्राम भित्तिकला के पास हुआ, जब महिलाएं सड़क पार कर रही थीं। टक्कर के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे और चालक की पिटाई कर दी। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम भी किया, जिसे बाद में प्रशासन की समझाइश पर समाप्त कराया गया। पुलिस ने चालक पारसनाथ राजवाड़े को सुरक्षित हिरासत में लेकर उपचार के लिए भेजा। तीनों मृत महिलाएं ग्राम जोगीबांध की निवासी थीं। वहीं, रविवार रात लगभग साढ़े नौ बजे इसी थाना क्षेत्र में माल वाहक पिकअप वाहन ने एक ई-रिक्शा को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल दो लोगों को पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया था, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है और चालक की तलाश जारी है।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA