District Magistrate summoned for negligence in examination duty

रोहतास। इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा–2026 के सफल, स्वच्छ एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन सख्त है। इसी क्रम में सोमवार को रोहतास जिलाधिकारी उदिता सिंह ने परीक्षा ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में एक पदाधिकारी से स्पष्टीकरण तलब किया है। विदित हो कि 2 फरवरी से 13 फरवरी तक आयोजित इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा-2026 के लिए गठित दल-सह-प्रश्न पत्र वितरण-सह-उत्तर पुस्तिका संग्रह दल में विनय कुमार बैठा, प्रखंड परियोजना प्रबंधक, बीपीआईयू कोचस की प्रतिनियुक्ति की गई थी।

परीक्षा के प्रथम दिन वे अपने प्रतिनियुक्त स्थल पर ससमय उपस्थित नहीं हुए, इस संबंध में उनके मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन मोबाइल नंबर बंद पाया गया। जिला पदाधिकारी ने इसे परीक्षा के सफल संचालन को प्रभावित करने वाला कृत्य मानते हुए गंभीरता से लिया है। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया है कि संबंधित पदाधिकारी 24 घंटे के भीतर अपने वरीय पदाधिकारी के माध्यम से अधोहस्ताक्षरी को लिखित स्पष्टीकरण समर्पित करें।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA

अन्यथा बिहार परीक्षा संचालन अधिनियम, 1981 की कंडिका-09 के अंतर्गत अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी। स्पष्टीकरण स्वीकार होने तक 2 फरवरी को अनुपस्थित मानते हुए एक दिन का वेतन स्थगित किया गया है। जिला पदाधिकारी ने पुनः स्पष्ट किया है कि परीक्षा कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।