CM Yogi to visit Andhra Pradesh today, to attend silver jubilee celebrations of Swarna Bharat Trust

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को आंध्र प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। वह नेल्लोर जिले के वेंकैटचलम में स्थित स्वर्ण भारत ट्रस्ट की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित रजत जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, योगी आदित्यनाथ सुबह आंध्र प्रदेश पहुंचेंगे। इसके बाद वह वेंकैटचलम स्थित अक्षरा विद्यालय परिसर में सोमा कौशल विकास केंद्र का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वह केंद्र के विद्यार्थियों से संवाद भी करेंगे।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA

दोपहर करीब दो बजे मुख्यमंत्री स्वर्ण भारत ट्रस्ट परिसर में आयोजित रजत जयंती समारोह में पहुंचेंगे। यहां वह कार्यक्रम को संबोधित करने के साथ ट्रस्ट की सामाजिक एवं कौशल विकास से जुड़ी गतिविधियों पर भी चर्चा करेंगे।

स्वर्ण भारत ट्रस्ट की स्थापना वर्ष 2001 में पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू की प्रेरणा से हुई थी। ट्रस्ट ग्रामीण युवाओं, महिलाओं और किसानों के लिए कौशल विकास सहित विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियां संचालित करता है।

रजत जयंती समारोह में पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू समेत कई प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद देर शाम आंध्र प्रदेश से वापस लौटेंगे।

योगी आदित्यनाथ का यह दौरा उत्तर प्रदेश और आंध्र प्रदेश के बीच सामाजिक विकास, कौशल निर्माण और जनकल्याण से जुड़े अनुभवों के आदान-प्रदान के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।