भागलपुर में कैफे संचालक पर फायरिंग, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

भागलपुर: भागलपुर जिले के सजौर थाना क्षेत्र में बीती रात एक कैफे संचालक पर हुए जानलेवा हमले से इलाके में दहशत फैल गई। घटना तेतरिया मोड़ रतनगंज की बताई जा रही है, जहां बदमाशों ने एक युवक को निशाना बनाते हुए उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। घायल युवक की पहचान अशोक कुमार सिंह के 27 वर्षीय पुत्र उत्तम कुमार के रूप में हुई है, जो अपने कैफे में काम कर रहा था।

जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले इलाके की बिजली बंद कर दी, जिससे अंधेरा हो गया। इसके बाद उन्होंने एक के बाद एक चार गोलियां चलाईं, जिनमें से एक गोली उत्तम कुमार के सीने में लगी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। गोलियों की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तड़पता हुआ पाया, जबकि हमलावर मौके से फरार हो चुके थे।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA

घायल को तुरंत जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताई। प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए उसे अन्य अस्पताल रेफर किया गया। इसके बाद परिजन उसे जीरो माइल स्थित एक निजी अस्पताल लेकर गए, लेकिन वहां भी चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना भेजने की सलाह दी। फिलहाल उत्तम कुमार को एंबुलेंस के जरिए पटना ले जाया गया है, जहां उसका इलाज जारी है और स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है।घटना को लेकर परिजनों ने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है, जिससे हमले के कारणों को लेकर संशय बना हुआ है। हालांकि स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इस वारदात के पीछे गोतियारी विवाद की आशंका जताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हमलावरों की तलाश जारी है।