बीजापुर: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में माओवादी विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने फरसेगढ़ थाना क्षेत्र के बड़ेआलवाड़ा के जंगल-पहाड़ी इलाके से हथियार, बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस, जिलेटिन और संचार उपकरण समेत अन्य सामग्री बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर फरसेगढ़ थाना, डीआरजी बीजापुर और बीडीएस की संयुक्त टीम ने बड़ेआलवाड़ा के आसपास जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान माओवादियों द्वारा छिपाकर रखी गई हथियार और विस्फोटक सामग्री का पता चला।
बीडीएस टीम ने सुरक्षा प्रक्रिया और डिमाइनिंग के बाद सामग्री को बरामद किया। बरामद सामान में 315 बोर का एक देशी कट्टा, 315 बोर के 49 जिंदा राउंड, 303 रायफल के 25 जिंदा राउंड और 12 बोर के 34 जिंदा कारतूस शामिल हैं।
इसके अलावा 303 रायफल की बट प्लेट, बोल्ट, खाली मैगजीन, आठ किलोग्राम जिलेटिन, छह वाकी-टॉकी सेट और चार्जर तथा एक मेन पेक सेट बरामद किया गया। मौके से विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक और कॉपर वायर, डेटोनेटर वायर, क्लच वायर, बैटरी, सेल, स्विच, सॉकेट और अन्य उपकरण भी मिले।
पुलिस ने बरामद हथियार और सामग्री को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 106 के तहत जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।







