आगरा में झंडों को लेकर विवाद: परशुराम चौक पर हंगामा, ब्राह्मण समाज का प्रदर्शन

आगरा,। शहर के सिकंदरा स्थित आवास विकास कॉलोनी के परशुराम चौक पर बुधवार को झंडे लगाने को लेकर विवाद के बाद तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। ब्राह्मण समाज के विभिन्न संगठनों ने चौक पर प्रदर्शन करते हुए आरोपित युवकों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए कई थानों की फोर्स तैनात की गई है। मंगलवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती के अवसर पर शहर में विभिन्न रैलियां निकाली जा रही थीं। इसी दौरान दोपहर करीब डेढ़ बजे एक बाइक रैली सिकंदरा के आवास विकास सेक्टर-10 स्थित परशुराम चौक पर पहुंची। बताया जा रहा है कि कुछ युवक चौक पर चढ़ गए और वहां नीले झंडे लगा दिए। इस दौरान स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया, लेकिन युवक नहीं माने।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया। चौक पर जूते-चप्पल पहनकर चढ़ने और झंडे लगाने को लेकर आपत्ति जताते हुए ब्राह्मण समाज के लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। नारेबाजी के बीच माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सिकंदरा और जगदीशपुरा थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। इस दौरान बाइक रैली में शामिल कुछ युवक दोबारा मौके पर पहुंचे, जिससे तनाव और बढ़ गया। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को शांत कराया और रैली को आगे रवाना किया। प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल इलाके में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA