पाकिस्तानी हवाई हमलों पर अफगानिस्तान ने राजदूत को किया तलब
Afghanistan summons ambassador over Pakistani airstrikes

काबुल। अफगानिस्तान के विदेश मंत्रालय ने पक्तिका और कुनार प्रांतों में हुए पाकिस्तानी हवाई हमलों के विरोध में पाकिस्तान के प्रभारी राजदूत को तलब कर आपत्ति दर्ज कराई है।

अफगान विदेश मंत्रालय ने कहा कि इन हवाई हमलों से अफगानिस्तान की राष्ट्रीय संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन हुआ है। मंत्रालय ने कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए पाकिस्तानी राजनयिक के समक्ष अपना विरोध दर्ज कराया।

GNSU Admission Open 2026

बैठक के दौरान अफगान पक्ष ने पाकिस्तान में हुई हालिया सुरक्षा घटनाओं के लिए अफगानिस्तान की धरती को जिम्मेदार ठहराने वाले आरोपों को निराधार बताया। मंत्रालय के मुताबिक, ऐसे बयानों का इस्तेमाल सैन्य कार्रवाई को उचित ठहराने और तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करने के लिए किया जा रहा है।

अफगान विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान से अपनी घरेलू समस्याओं और अस्थिरता के कारणों पर ध्यान देने तथा इसके लिए दूसरे देशों को जिम्मेदार ठहराने से बचने का आह्वान किया।

संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन (यूएनएएमए) के अनुसार, कुनार प्रांत में हुए हवाई हमलों में कम से कम तीन नागरिकों की मौत हुई है, जिनमें एक बच्ची भी शामिल है, जबकि चार अन्य नागरिक घायल हुए हैं।

यूएनएएमए के प्रतिनिधियों के मुताबिक, वर्ष की शुरुआत से अब तक अफगानिस्तान में सीमा पार से हुए सशस्त्र हमलों में 1,100 से अधिक नागरिकों के मारे जाने या घायल होने के मामले दर्ज किए गए हैं।